1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बिना मावा, पनीर और छेना के एकदम सॉफ्ट और स्पंजी रसगुल्ले बनाएं, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

बिना मावा, पनीर और छेना के एकदम सॉफ्ट और स्पंजी रसगुल्ले बनाएं, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Feb 05, 2026 01:05 pm IST,  Updated : Feb 05, 2026 01:05 pm IST

White Rasgulla Recipe: मीठा खाने का मन है और घर में मावा या छेना नहीं तो सिर्फ चावल के आटे से सफेद रसगुल्ले बनाकर खा सकते हैं। ये रसगुल्ले एकदम सॉफ्ट और स्पंजी बनते हैं। फटाफट नोट कर लें रसगुल्ले की रेसिपी।

रसगुल्ला रेसिपी- India TV Hindi
रसगुल्ला रेसिपी Image Source : INDIA TV

रसगुल्ले का स्वाद सभी को खूब पसंद आता है। खासतौर से सफेद वाले रसगुल्ले तो बच्चों को खूब पसंद आते हैं। एक बार खाना स्टार्ट कर दो तो फिर 2-4 खाने के बाद भी मन नहीं भरता है। सफेद रसगुल्ले लोग घर में कम ही बनाते हैं और मार्केट से खरीदकर ही खाते हैं। लेकिन आप चाहें तो घर में भी आसानी से ये रसगुल्ले बना सकते हैं। सबसे अहम बात ये है कि सफेद रसगुल्ले आप बिना मावा, छेना और पनीर के भी बना सकते हैं। जी हां सिर्फ चावल के आटे से सफेद रसगुल्ले बनकर तैयार हो जाते हैं। आप कुकर या पैन किसी में भी ये रसगुल्ले बना सकते हैं। फटाफट नोट कर लें सफेद रसगुल्ले की रेसिपी।

सफेद रसगुल्ले की रेसिपी

Step 1- इसके लिए  1 कप दूध, 1 चम्मच देसी घी, 1/4 चम्मच चीनी, 1 कप चावल का आटा और चाशनी बनाने के लिए 1 कप चीनी और डेढ़ कप पानी चाहिए। सबसे पहले कुकर में चाशनी बनाने के लिए 1 कप चीनी और डेढ़ कप पानी डालकर उबलने के लिए रख दें। चाशनी को धीमी आंच पर उबलने के लिए रखें और सिर्फ चीनी घुलने तक चाशनी बनाएं। 

Step 2- अब रसगुल्ले के लिए डो तैयार करें। एक पैन में 1 कप दूध गर्म होने के लिए रखें। दूध में 1 चम्मच चीनी डालें और फिर इसमें 1 कप चावल का आटा डालें। 1 चम्मच देसी घी डालें और इसे मिक्स करते हुए सारी चीजों को मिलने तक पकाएं। गैस बंद कर दें और ठंडा होने दें।

Step 3- अब किसी प्लेट में चावल के मिश्रण को निकाल लें और हथेली से मसलते हुए डो जैसा तैयार करें। इसमें 1 चम्मच घी और मिला लें इससे डो थोड़ा चिकना हो जाएगा। अब तैयार चावल के डो से छोटे-छोटे रसगुल्ले बना लें। ध्यान दें कि रसगुल्ले में एक भी दरार न हो। 

Step 4- चाशनी ठंडी हो जाए तो फिर से गर्म कर लें और तैयार चाशनी में रसगुल्ले डालें। कुकर में बना रहे हैं तो धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट के लिए पकाएं। कुकर में सीटी आते ही गैस तुरंत बंद कर दें। चाशनी में रसगुल्लों को 15 मिनट तक पड़ा रहने दें। जब ये ठंडे हो जाएं तो इन्हें फ्रिज में रख दें।

आप चाहें तो कुकर खोलकर भी रसगुल्ले पका सकती हैं लेकिन इसमें थोड़ा समय ज्यादा लग सकता है। इन रसगुल्लों को आप इसी तरह किसी पैन में भी बना सकते हैं। एक बार इस तरह रसगुल्ले बनाकर खाएंगे तो फिर कभी बाजार से खरीदकर नहीं खाएंगे। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल