साउथ इंडियन डिशेज में डोसा हर किसी का फेवरेट होता है। लेकिन जब भी घर पर डोसा बनाने का मन करता है, तो सबसे बड़ी समस्या समय की आती है। पारंपरिक डोसा बनाने के लिए दाल और चावल को घंटों भिगोना पड़ता है, फिर उसे पीसकर खमीर उठने के लिए रात भर रखना पड़ता है। इस लंबी प्रक्रिया के कारण कई बार लोग घर पर डोसा बनाने का विचार ही छोड़ देते हैं या बाजार से ऑर्डर कर लेते हैं। लेकिन क्या हो अगर आपको बिना दाल और चावल भिगोए, एकदम रूई जैसा मुलायम और स्पॉन्जी डोसा बनाने की रेसिपी मिल जाए। आज हम आपके लिए एक ऐसी ही झटपट और आसान रेसिपी लेकर आए हैं। इसके लिए आपको सिर्फ पोहा और सूजी की जरूरत होगी। यह डोसा न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है। बच्चों के टिफिन से लेकर सुबह के नाश्ते तक, यह 'इंस्टेंट सेट डोसा' एक परफेक्ट और हेल्दी ऑप्शन है। यहां से इसकी रेसिपी नोट कर लें।
सामग्री
- 1 कप सूजी (रवा - बारीक या मोटी कोई भी)
- 1/2 कप पोहा
- 1/2 कप ताज़ा दही (ज्यादा खट्टा न हो)
- 1 कप पानी (बैटर की स्थिरता के अनुसार)
- 1/2 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा (या 1 पाउच ईनो फ्रूट साल्ट)
- नमक स्वादानुसार
- तेल या घी (डोसा सेंकने के लिए)
बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले आधा कप पोहा लें और उसे पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि उसकी सारी गंदगी निकल जाए। अब एक मिक्सर ग्राइंडर जार में धुला हुआ पोहा और 1 कप सूजी डालें। इन्हें एक बार सूखा ही हल्का पीस लें ताकि दोनों चीजें आपस में मिल जाएं और सूजी बारीक हो जाए।
स्टेप 2
अब इसी मिक्सर जार में आधा कप दही, स्वादानुसार नमक और लगभग आधा कप पानी डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह ब्लेंड कर लें ताकि एक चिकना और गाढ़ा बैटर तैयार हो जाए। ध्यान रहे कि बैटर बहुत ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए। इसकी कंसिस्टेंसी पारंपरिक इडली या डोसा बैटर जैसी होनी चाहिए।
स्टेप 3
तैयार बैटर को एक बड़े बाउल में निकाल लें। इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए और बैटर सेट हो जाए।
स्टेप 4
जब आप डोसा बनाने के लिए बिल्कुल तैयार हों, तब बैटर में बेकिंग सोडा या ईनो डालें। इसके ऊपर एक चम्मच पानी डालें ताकि यह एक्टिवेट हो जाए। इससे डोसा एकदम स्पॉन्जी बनेगा।
स्टेप 5
गैस पर एक नॉन-स्टिक तवा गर्म करें। तवा गर्म होने पर उस पर तेल की कुछ बूंदें डालें और टिश्यू पेपर या सूती कपड़े से पोंछ लें। गैस की आंच मध्यम कर दें। अब एक कलछी भर बैटर तवे के बीच में डालें और इसे हल्का सा फैलाएं। यह सेट डोसा है, इसलिए इसे बहुत पतला न करें, थोड़ा मोटा ही रखें।
स्टेप 6
कुछ ही सेकंड में आप देखेंगे कि डोसे की ऊपरी सतह पर बुलबुले बनने लगी है। किनारों पर थोड़ा सा तेल या घी डालें। जब निचली सतह सुनहरी हो जाए, तो इसे पलट दें और दूसरी तरफ से भी हल्का सा सेंक लें।