1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. कच्चे केले के कोफ्ते ऐसे बनाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे मेहमान, बेहद आसान है रेसिपी

कच्चे केले के कोफ्ते ऐसे बनाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे मेहमान, बेहद आसान है रेसिपी

 Written By: Ritu Raj
 Published : Oct 01, 2026 08:28 pm IST,  Updated : Oct 01, 2026 08:28 pm IST

क्या आपने कभी केले के कोफ्ते खाए हैं, अगर नहीं तो आज ही घर पर बनाएं। यहां हम आपके लिए केले के कोफ्ते की आसान सी रेसिपी लेकर आए। यहां से फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

कच्चे केले के कोफ्ते ऐसे बनाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे मेहमान- India TV Hindi
कच्चे केले के कोफ्ते ऐसे बनाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे मेहमान Image Source : COOK WITH RUBEENA/YOUTUBE

कच्चे केले की आपने कई तरह की सब्जियां खाई होंगी लेकिन यहां हम आपके लिए एक ऐसी रेसिपी लेकर आए हैं जिसका स्वाद आपने या मेहमानों ने चख लिया तो हर बार आप इसकी डिमांड करेंगे। हम जिस डिश की बात कर रहे हैं वो है कच्चे केले के कोफ्ते। कच्चे केले का कोफ्ता खाने में लाजवाब लगता है और इसे बनाना भी आसान है। केले की सब्जियां आम तौर पर भारतीय रसोई में खाने को मिल जाएगी। लेकिन केले के कोफ्ते ज्यादातर आपको बिहार, यूपी में खाने को मिलेंगे। अगर आपके घर पर मेहमान आने वाले हों और आपको कुछ समझ नहीं आ रहा हो तो केले के कोफ्ते आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। यहां केले के कोफ्ते की रेसिपी लेकर आए हैं। 

सामग्री

कोफ्तों के लिए

  • 3 बड़े कच्चे केले
  • 2 मध्यम उबले आलू
  • 3-4 चम्मच बेसन
  • 1 छोटा चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट
  • ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • ½ छोटा चम्मच गरम मसाला
  • थोड़ा सा हरा धनिया 
  • स्वादानुसार नमक।

ग्रेवी के लिए

  • 2 मध्यम प्याज
  • 2 टमाटर प्यूरी
  • 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • ½ छोटा चम्मच हल्दी
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • ½ छोटा चम्मच कसूरी मेथी
  • 2 चम्मच ताज़ा मलाई या क्रीम
  • पकाने के लिए तेल 
  • स्वादानुसार नमक

बनाने का तरीका

स्टेप 1
सबसे पहले कच्चे केले के दोनों सिरों को काटकर उन्हें प्रेशर कुकर में थोड़े से पानी के साथ 2-3 सीटी आने तक उबाल लें। ठंडा होने पर केले का छिलका हटाएं और उन्हें एक बड़े कटोरे में मैश करें। अब इसमें उबले हुए आलू भी मैश करके मिलाएं। इसके बाद बेसन, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, लाल मिर्च, गरम मसाला, कटा हरा धनिया और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इस मिश्रण से छोटी-छोटी गोल बॉल्स तैयार कर लें।

स्टेप 2
कढ़ाई में तेल मध्यम आंच पर गर्म करें। तैयार कोफ्तों को इसमें डालकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक डीप फ्राई कर लें। तलने के बाद इन्हें टिशू पेपर पर निकाल लें ताकि एक्सट्रा ऑयल निकल जाए। 

स्टेप 3
उसी कढ़ाई में 2 चम्मच तेल छोड़ बाकी निकाल लें। तेल में जीरा चटकाएं, फिर प्याज और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब टमाटर की प्यूरी, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर तब तक पकाएं जब तक मसाले से तेल अलग न होने लगे। इसके बाद इसमें 1 से डेढ़ कप पानी डालें और उबाल आने दें। जब ग्रेवी थोड़ी गाढ़ी हो जाए, तो इसमें मलाई और कसूरी मेथी हाथों से क्रश करके डालें।

स्टेप 4
ग्रेवी में उबाल आने पर गैस बंद कर दें और तैयार फ्राई कोफ्ते इसमें डालें। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया और थोड़ा सा गरम मसाला छिड़कें। गरमा-गरम कच्चे केले के कोफ्तों को रोटी, नान या जीरा राइस के साथ सर्व करें। आपके मेहमान उंगलियां चाटते रह जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।