अपने साउथ इंडियन डिश इडली, डोसा, अप्पम तो खूब खाएं होंगे लेकिन क्या आपने दाल वड़ा का स्वाद चखा है? चने के दाल और कई मसालों के मिश्रण से बनने वाली यह क्रिस्पी रेसिपी साउथ इंडियन स्टाइल टमाटर की चटनी के साथ बेहद टेस्टी लगती है। आप इसका सेवन सुबह- शाम के नाश्ते या लंच डिनर में भी कर सकते हैं। तो, चलिए जानते कैसे बनाएं दाल वड़ा?
दाल वड़ा बनाने की सामग्री
चना दाल 1 कप, अदरक 2 इंच, लहसुन 6-8 कलियां, हरी मिर्च, जीरा आधा छोटा चम्मच, साबुत धनिया 1 छोटा चम्मच, सौंफ आधा छोटा चम्मच, साबुत काली मिर्च, आधा छोटा चम्मच, प्याज़ 1 नग, नमक स्वादानुसार, कड़ी पत्ता, ताजा हरा धनिया एक मुट्ठी, चावल का आटा 1 बड़ा चम्मच, गरम तेल 1 बड़ा चम्मच, एक चुटकी हींग
कैसे बनाएं दाल वड़ा?
-
दाल वड़ा बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को 3-4 बार पानी से धो लें और फिर इसे 7-8 घंटे या रात भर के लिए भिगो दें। तय समय के बाद पानी निकाल दें और चना दाल को मिक्सर ग्राइंडर जार में डालें। इसके बाद जार में अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालें और इसे तब तक पीसें जब तक आपको चना दाल का दरदरा पेस्ट न मिल जाए। थोड़ा चना दाल बचा लें, हम इसे बाद में बेहतर टेक्सचर के लिए डालेंगे।
-
अब, दरदरे पेस्ट को एक बड़े बाउल में निकाल लें। फिर जीरा, साबुत धनिया, सौंफ, काली मिर्च को हल्का भूनकर दरदरा पीस लें। इस बात का ध्यान रखें कि इसका बारीक पाउडर न बनाएं।दाल के मिक्सचर में अब यह मसाला मिक्स डालें, फिर बची हुई चना दाल, नमक, कटे हुए करी पत्ते, ताज़ा हरा धनिया, चावल का आटा और हींग डालें, सभी चीज़ों को हाथों से मिलाकर मिश्रण बना लें।
-
अब, वड़ों को आकार देने के लिए, मिश्रण से उठाकर गोल आकार दें। फिर हथेलियों के बीच हल्के से दबाकर चपटा करें। सभी वड़ों को इसी तरह आकार दें। अब गैस पर एक कड़ाही रखें और उसमें तेल डालें। जब तेल गर्म हो जाए तब वड़े को डालें और मीडियम आंच पर क्रिस्प और गोल्डन ब्राउन होने तक फ्राई करें। फ्राई होने के बाद स्वादिष्ट दाल वड़े को टमाटर की चटनी के साथ सर्व करें।