1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. न चावल भिगोने की जरूरत, न दाल पीसने का झंझट, बिना भिगोए सुबह नाश्ते में झटपट बनाएं सॉफ्ट इडली

न चावल भिगोने की जरूरत, न दाल पीसने का झंझट, बिना भिगोए सुबह नाश्ते में झटपट बनाएं सॉफ्ट इडली

 Written By: Poonam Yadav
 Published : Oct 19, 2026 06:00 am IST,  Updated : Oct 19, 2026 06:00 am IST

अगर आपको सुबह-सुबह कुछ हल्का और टेस्टी खाने का मन है तो आप इडली बना सकते हैं, खास बात यह है कि इसे आप बिना भिगोए मिनटों में तैयार कर सकते हैं

सूजी की इडली रेसिपी- India TV Hindi
सूजी की इडली रेसिपी Image Source : YOUTUBE -@KANAKAS

सुबह नाश्ते में अगर आपका मन सॉफ्ट और स्पंजी इडली खाने का कर रहा है, लेकिन चावल और दाल भिगोने का समय नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप सूजी और दही की मदद से घर पर झटपट इडली तैयार कर सकते हैं। इस रेसिपी में न तो चावल भिगोने की जरूरत होती है और न ही दाल पीसने का झंझट। इसे बनाने के लिए कुछ सामान्य सामग्री की जरूरत होती है, जो आसानी से रसोई में मिल जाती है। आप इसे सांभर, नारियल की चटनी या अपनी पसंद की किसी दूसरी चटनी के साथ परोस सकते हैं। आइए जानते हैं सूजी और दही से सॉफ्ट इडली बनाने की आसान विधि।

सूजी और दही की इडली बनाने के लिए सामग्री

1 कप सूजी, 1/2 कप दही, पानी नमक स्वादानुसार, 1 छोटा चम्मच ईनो, थोड़ा तेल

सूजी और दही की इडली बनाने की आसान विधि

  • सबसे पहले एक बड़े बाउल में सूजी और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा लेकिन आसानी से डालने लायक बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि बैटर न बहुत पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा।

  • सूजी को नमी सोखने के लिए लगभग 10-15 मिनट तक ढककर रख दें। इसके बाद बैटर की कंसिस्टेंसी चेक करें। अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा हो गया है, तो थोड़ा पानी मिलाकर इसे ठीक कर लें। अब इसमें स्वादानुसार नमक डालें।

  • इडली बनाने के लिए स्टीमर या इडली कुकर में पानी गर्म होने रखें। इडली के सांचों पर हल्का तेल लगाकर चिकना कर लें। अब बैटर में ईनो फ्रूट सॉल्ट डालें और हल्के हाथों से मिलाएं। ईनो डालने के बाद बैटर को ज्यादा देर न रखें।

  • तैयार बैटर को तुरंत इडली के सांचों में डालें। सांचों को स्टीमर में रखें और ढक्कन बंद करके मध्यम आंच पर लगभग 10-15 मिनट तक भाप में पकाएं। इडली पक गई है या नहीं, यह देखने के लिए टूथपिक डालें। अगर वह साफ बाहर आती है, तो इडली तैयार है।

  • इडली को कुछ मिनट ठंडा होने दें और फिर चम्मच की मदद से सांचों से निकाल लें। आपकी सॉफ्ट और स्पंजी सूजी-दही की इडली तैयार है। इसे नारियल की चटनी, टमाटर की चटनी या सांभर के साथ गर्मागर्म परोसें।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।