आपने हरी धनिया, टमाटर, आम और इमली सभी चीजों की चटनी खायी होगी। लेकिन क्या आपने भांग की चटनी खाई है? दरअसल, कई लोग भांग का नाम सुनकर इसे नशे से जोड़ देते हैं, लेकिन इनके बीजों में कोई नशा नहीं होता और ये सेहत के लिए एक सुपरफूड होते हैं। भांग के बीज में प्लांट बेस्ड प्रोटीन, हेल्दी फैट और कई पोषक तत्व पाए जाते हैं जो सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। बता दें, उत्तरखंड में भांग की चटनी लोग खूब चाव से बनाकर खाते हैं। इसका स्वाद हल्का नटी और बेहद स्वादिष्ट होता है। तो चलिए जानते हैं कैसे बनाएं भांग की चटनी रेसिपी?
भांग की चटनी बनाने के लिए सामग्री
भांग के बीज 1 कप, दो सूखी लाल मिर्च , जीरा – 2 चम्मच, लहसुन की कली 1 पीस, नींबू का रस आधा चम्मच, पुदीने की कुछ पत्तियां, धनिया की कुछ पत्तियां, नमक स्वादानुसार, पानी जरा सा
भांग की चटनी बनाने का तरीका
-
पहला स्टेप: भांग की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले भांग के बीजों को सूखा भून लें। इन्हें तब तक भूनना है जब तक वे चटकने न लगें। इनके साथ लाल मिर्च को भी भून लें। अब उन्हें ठंडा होने दें। जब ये ठंडे हो जाएं तब उन्हें जीरा, लहसुन, पुदीने और धनिया की कुछ पत्तियों के साथ सिल बट्टा या ग्राइंडर में पीस लें।
-
दूसरा स्टेप: अब इन्हें एक बाउल में निकालें और उसमें नमक और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह से मिलाएं।
भांग के बीज क्यों होते हैं फायदेमंद?
यह प्लांट बेस्ड प्रोटीन से भरपूर होता है जो वीगन और शाकाहारी लोगों के लिए प्रोटीन का एक बेहतरीन स्रोत है। इनमें ज़रूरी अमीनो एसिड होते हैं और ये ओमेगा 3 और ओमेगा 6 फैटी एसिड से भरपूर होते हैं जो शरीर में गुड़ कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाते हैं और आपके दिल की सेहत के लिए अच्छे होते हैं। साथ ही यह जोड़ों के दर्द और सूजन को कम करने में बेहद मददगार होते हैं। साथ ही भांग के बीजों में घुलनशील फाइबर भरपूर मात्रा में होते हैं जो कब्ज की समस्या में आराम दिला सकते हैं।