खरबूज का जूस तो बनता है लेकिन क्या आपने कभी खरबूजे के बीज और अंदर निकलने वाले वेस्ट जो गूदे जैसा होता है उसका जूस बनाया है। ज्यादातर लोग उसे कचरा समझकर फेंक देते हैं और सिर्फ खरबूजे को छीलकर खा लेते हैं। लेकिन आपको बता दें खरबूजे के अंदर निकलने वाले बीज सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। इन बीज को सुखाकर इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन अगर आपके पास इतना समय नहीं कि बीज को सुखाएं और छीलें तो इन्हें ऐसे ही पीसकर जूस बना लें। ये जूस खरबूजे के जूस से भी ज्यादा फायदेमंद होता है। यानि खरबूजा भी खाएं और उसके बीज और अंदर निकलने वाले पल्प का जूस बनाकर पीएं। एक बार इस काम की रेसिपी को आपको जरूर ट्राई करना चाहिए। बिना देरी किए फटाफट नोट कर लें खरबूज के बीज का जूस बनाने की रेसिपी।
खरबूजे के बीज का जूस बनाने की रेसिपी
पहला स्टेप- इसके लिए सबसे पहले अपनी पसंद का खरबूज खरीदकर ले आएं और उसे पानी में डालकर कुछ देर के लिए ऐसे ही छोड़ दें। अब खरबूज को बीच से 2 हिस्सों में काट लें। अब किसी बड़े चम्मच की मदद से अंदर के बीज और जो बीज पर चिपका हुआ पल्प जैसा होता है। उसे निकाल लें। अब सिर्फ खरबूज का छिलका और काटकर खाने वाला हिस्सा बचेगा।
दूसरा स्टेप- खरबूजे के बीज और गूदे को मिक्सी में डाल दें। अब इसमें काला नमक और शहद मिला दें। आप फ्लेवर के लिए थोड़ा पुदीने के पत्ता या थोड़ा नींबू भी डाल सकते हैं। वैसे खरबूजे का जूस बिना पुदीना और बिना नींबू के बनाया जाता है। अब इसे मिक्सी में अच्छी तरह बारीक पीस लें।
तीसरा स्टेप- एक जूस छानने वाली छन्नी लें और तैयार किए गए जूस को बारीक छन्नी से छान लें। इससे बीज के छिलके छन्नी में ही रह जाएंगे और पूरा जूस गिलास में निकल जाएगा। ऊपर से आइस क्यूब्स डालें और गर्मी में ठंडा-ठंडा सेहत को फायदा पहुंचाने वाला खरबूजे का जूस पीने के लिए तैयार है।