सुबह की शुरुआत अगर किसी स्वादिष्ट और हेल्दी नाश्ते के साथ हो, तो पूरा दिन एनर्जेटिक रहता है। साबूदाना खिचड़ी या वड़ा तो आपने कई बार खाया होगा, लेकिन क्या आपने कभी साबूदाना पराठे का स्वाद चखा है। यह पराठा न केवल स्वाद में बेहतरीन होता है, बल्कि बनाने में भी बेहद आसान है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे आप आम दिनों में नाश्ते के तौर पर खाने के साथ-साथ किसी भी व्रत में भी खा सकते हैं। यहां साबूदाना पराठे की रेसिपी दी गई है। नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- साबूदाना: 1 कप (भीगा हुआ)
- उबले आलू: 2 बड़े (मैश किए हुए)
- मूंगफली: ½ कप (भुनी और दरदरी पिसी हुई)
- हरी मिर्च: 2-3 (बारीक कटी हुई)
- अदरक: 1 छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- सेंधा नमक: स्वादानुसार
- काली मिर्च पाउडर: ½ छोटा चम्मच
- घी या तेल: पराठा सेकने के लिए
बनाने का तरीका
स्टेप 1: सबसे पहले साबूदाने को धोकर 3-4 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। जब साबूदाना अच्छी तरह फूल जाए और हाथ से दबाने पर सॉफ्ट लगे, तो इसका सारा पानी छान लें।
स्टेप 2: अब एक बड़े बर्तन में भीगा हुआ साबूदाना, मैश किए हुए आलू, दरदरी पिसी मूंगफली, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, काली मिर्च और स्वादानुसार नमक डालें। सब कुछ अच्छी तरह मिलाकर सॉफ्ट आटे की तरह गुंथ लें।
स्टेप 3: अब हाथ में थोड़ा-सा घी या तेल लगाएं और तैयार मिश्रण से मध्यम आकार की लोइयां बना लें।
स्टेप 4: इसके बाद एक बटर पेपर या पॉलीथिन शीट पर थोड़ा घी लगाएं। लोई को बीच में रखें और हाथों की मदद से धीरे-धीरे दबाते हुए गोल पराठे का आकार दें।
स्टेप 5: तवे को मध्यम आंच पर गरम करें और थोड़ा घी लगाएं। पराठे को सावधानी से तवे पर डालें।
स्टेप 6: दोनों तरफ घी लगाते हुए धीमी से मध्यम आंच पर तब तक सेकें जब तक कि पराठा सुनहरा और क्रिस्पी न हो जाए।
स्टेप 7: गरमा-गरम साबूदाना पराठे को आप धनिया, मिर्च और सेंधा नमक की चटनी या दही के साथ सर्व करें।