1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. सिर्फ डंठल से ऐसे उगाएं धनिया का पौधा, सालभर मिलेगी ताज़ी हरी पत्तियां

सिर्फ डंठल से ऐसे उगाएं धनिया का पौधा, सालभर मिलेगी ताज़ी हरी पत्तियां

 Written By: Ritu Raj
 Published : Oct 14, 2026 11:28 pm IST,  Updated : Oct 14, 2026 11:28 pm IST

क्या आप भी धनिया पत्ता इस्तेमाल करने के बाद उसकी जड़ों को फेंक देते हैं। लेकिन अब ऐसा न करें क्योंकि सिर्फ डंठल से आप धनिया का पौधा उगा सकते हैं। जानें तरीका।

सिर्फ डंठल से ऐसे उगाएं धनिया का पौधा, सालभर मिलेगी ताज़ी हरी पत्तियां- India TV Hindi
सिर्फ डंठल से ऐसे उगाएं धनिया का पौधा, सालभर मिलेगी ताज़ी हरी पत्तियां Image Source : MAGNIFIC

खाने का स्वाद बढ़ाने वाला हरा धनिया अगर घर का उगा हो और ताज़ा हो, तो बात ही अलग होती है। अक्सर हम बाजार से धनिया खरीदकर लाते हैं, उसकी पत्तियां इस्तेमाल कर लेते हैं और डंठल या जड़ों वाले हिस्से को फेंक देते हैं। लेकिन अब ऐसी गलती न करें क्योंकि शायद आपको मालूम नहीं है कि केवल डंठल की मदद से आप घर में ही धनिया का पौधा उगा सकते हैं। आइए जानते हैं बिना बीज के सिर्फ डंठल से धनिया उगाने का आसान तरीका क्या है। 

सामग्री

धनिया के डंठल

गमला या ग्रो बैग
मिट्टी
पानी 

डंठल से कैसे उगाएं धनिया का पौधा

बाजार से धनिया लाते समय ऐसे बंडल चुनें जिनकी जड़ें अच्छी दिख रही हों या डंठल मोटे हों। इसे लाने के बाद धनिया की पत्तियां काट लें और नीचे के डंठल को बचाकर रखें। अगर जड़ें नहीं हैं, तो डंठल के निचले हिस्से को 3-4 दिनों के लिए कांच के गिलास में थोड़ा पानी भरकर रखें। गिलास को ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप आती हो। 3 से 5 दिनों में डंठल से छोटे-छोटे सफेद रेशे निकलने लगेंगे। अब गमले के नीचे एक छोटा पत्थर रखें ताकि अतिरिक्त पानी निकल सके। अब मिट्टी को गमले में भरें। मिट्टी को बहुत ज़्यादा दबाएं नहीं, इसे भुरभुरा रहने दें। इसके बाद मिट्टी में 1 से 2 इंच गहरे छोटे गड्ढे बनाएं। अब डंठल या जड़ों वाले हिस्से को मिट्टी में सीधा लगाएं और चारों तरफ से मिट्टी से ढक दें। एक गमले में 3-4 डंठल थोड़ी-थोड़ी दूरी पर लगाएं। डंठल लगाने के बाद स्प्रे बोतल से हल्का पानी दें। मिट्टी में नमी बनी रहनी चाहिए, लेकिन पानी जमा नहीं होना चाहिए। गमले को शुरुआत के 2-3 दिन छायादार जगह पर रखें। जब नई पत्तियां आने लगें, तो इसे रोजाना 4-5 घंटे की सुबह की धूप दिखाएं।

सालभर ताज़ा धनिया पाने के टिप्स

धनिया की पत्तियां जब 4-5 इंच बड़ी हो जाएं, तो उन्हें ऊपर से काटें। कभी भी पौधे को जड़ से न उखाड़ें, इससे नीचे से फिर से नई पत्तियां निकलेंगी। इसके अलावा हर 20-25 दिन में एक मुट्ठी वर्मीकंपोस्ट या गोबर की खाद डालें। वहीं तेज गर्मी में पौधे को सीधी धूप से बचाएं और हल्की छाया वाली जगह पर रखें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।