1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. स्वाद भी, सेहत भी, व्रत में मिनटों में बनाएं चटपटी और क्रंची मखाना चाट

स्वाद भी, सेहत भी, व्रत में मिनटों में बनाएं चटपटी और क्रंची मखाना चाट

 Written By: Ritu Raj
 Published : Oct 13, 2026 08:07 pm IST,  Updated : Oct 13, 2026 08:07 pm IST

अगर व्रत में आपका भी मन कुछ चटपटा और क्रंची खाने का कर रहा है तो मखाना चाट परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है। यहां मखाना चाट की सिंपल रेसिपी दी गई है।

स्वाद भी, सेहत भी, व्रत में मिनटों में बनाएं चटपटी और क्रंची मखाना चाट- India TV Hindi
स्वाद भी, सेहत भी, व्रत में मिनटों में बनाएं चटपटी और क्रंची मखाना चाट Image Source : INDIA TV

नवरात्रि के व्रत के दौरान अक्सर लोगों का मन कुछ चटपटा और क्रंची खाने का करता है। लेकिन व्रत के दौरान प्याज लहसुन खाने से लोग परहेज करते हैं, ऐसे में ज्यादातर लोगों को समझ नहीं आता कि क्या खाया जाए। अगर आप भी इसी कंफ्यूजन में हैं तो मखाना चाट आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। मखाना न केवल पचने में आसान होता है, बल्कि यह एनर्जी का भी एक बेहतरीन सोर्स है। यहां मखाना चाट की आसान सी रेसिपी दी गई है। फटाफट नोट कर लें रेसिपी। 

सामग्री

  • मखाना: 2 कप
  • देशी घी: 1 से 2 चम्मच (भूनने के लिए)
  • उबला हुआ आलू: 1 (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
  • भुनी हुई मूंगफली: 2 चम्मच
  • अनार के दाने: 2-3 चम्मच 
  • हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
  • सेंधा नमक: स्वादानुसार
  • भुना जीरा पाउडर: आधा छोटा चम्मच
  • काली मिर्च पाउडर: 1/4 छोटा चम्मच
  • हरी मिर्च: 1 (बारीक कटी हुई)
  • नींबू का रस: 1 चम्मच
  • व्रत वाली हरी चटनी: 1-2 चम्मच (धनिया, हरी मिर्च और सेंधा नमक से बनी)

बनाने का तरीका

स्टेप 1: सबसे पहले एक कड़ाही में 1 चम्मच देसी घी गर्म करें। इसमें मखाने डालें और धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक लगातार चलाते हुए रोस्ट करें। जब मखाने कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें एक बड़े बाउल में निकाल लें।

स्टेप 2: भुने हुए मखानों में कटे हुए उबले आलू, भुनी मूंगफली, हरी मिर्च और अनार के दाने डालें।

स्टेप 3: अब इसमें स्वादानुसार सेंधा नमक, भुना जीरा पाउडर और काली मिर्च पाउडर छिड़कें। इसके बाद ऊपर से व्रत वाली हरी चटनी और नींबू का रस मिलाएं।

स्टेप 4: सभी चीजों को चम्मच से अच्छी तरह मिला लें ताकि मखानों पर मसालों की कोटिंग हो जाए। अंत में फ्रेश हरे धनिए से गार्निश करें और सर्व करें।

सेहत के लिए क्यों है बेमिसाल?

कैल्शियम और प्रोटीन से भरपूर: मखाना हड्डियों को मजबूती देता है और उपवास के दौरान शरीर को कमजोरी महसूस नहीं होने देता।

कम कैलोरी, ज्यादा फाइबर: यह वजन नियंत्रित रखने में मदद करता है और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है।

एंटीऑक्सीडेंट्स का खजाना: अनार और मखाने में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा पर चमक लाते हैं और इम्युनिटी बढ़ाते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।