1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. नाश्ते में खाएं क्रीमी लेमन मशरूम, एक बार खाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे, नोट कर लें रेसिपी

नाश्ते में खाएं क्रीमी लेमन मशरूम, एक बार खाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे, नोट कर लें रेसिपी

 Published : Jul 09, 2026 08:13 am IST,  Updated : Jul 09, 2026 08:13 am IST

अगर आप भी मशरूम खाने से बचते हैं तो एक बार ये रेसिपी जरूर ट्राई करें। क्रीमी लेमन मशरूम का स्वाद बहुत ही टेस्टी होता है। इस तरह मशरूम बनाकर खाएंगे तो दीवाने हो जाएंगे। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

मशरूम रेसिपी - India TV Hindi
मशरूम रेसिपी Image Source : INDIA TV

मशरूम को सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। मशरूम में विटामिन डी और फाइबर पाया जाता है। इसलिए अपनी डाइट में इसे जरूर शामिल करें। हालांकि कुछ लोगों को मशरूम का स्वाद पसंद नहीं आता। आज हम आपको मशरूम की एक ऐसी मजेदार रेसिपी बता रहे हैं जिससे आपको स्वाद भी भरपूर मिलेगा और शरीर को सभी जरूरी विटामिन और प्रोटीन मिल जाएंगे। इस तरह मशरूम बनाएंगे तो बहुत क्रीमी और टेस्टी बनेगा। एक बार नाश्ते में मशरूम की इस रेसिपी को जरूर बनाकर खाएं।

क्रीमी लेमन मशरूम रेसिपी

पहला स्टेप- इसके लिए आपको 2 पैकेट यानि करीब 2 कप मशरूम लेनी है। मशरूम को पानी में डालकर अच्छी तरह से धो लें। अब इसमें छोड़ा आटा डालकर फिर से पानी से धो लें। मशरूम के डंठल हटाकर अलग रख दें।

दूसरा स्टेप- अब एक पैन लें और उसमें 1 बड़ा चम्मच मक्खन डालकर गर्म करें। इसमें 1 तेज पत्ता, कटा हुआ लहसुन और 1 बड़ा प्याज बारीक कटा हुआ डाल दें। धीमी आंच पर प्याज को ब्राउन होने तक पकाएं।

तीसरा स्टेप- अब इसमें मशरूम डालें और मीडियम फ्लेम पर मशरूम को अच्छी तरह से ब्राउन होने तक पकाएं। थोड़ा नमक डालें और सारा पानी सूखने तक पकाते रहें।

चौथा स्टेप- अब इसके लिए हाई प्रोटीन क्रीमी सॉस तैयार कर लें। ब्लेंडर में 80-100 ग्राम लो फैट वाला पनीर, नमक, काली मिर्च, थोड़ा सा पानी, अजवायन और पिज्जा मसाला डालकर मिक्स कर लें। एक सॉस जैसा तैयार कर लें। आपको इसे एकदम क्रीमी होने तक ब्लेंड करना है।

पांचवां स्टेप- अब मशरूम के ऊपर पनीर सॉस डालें और कुछ मिनट तक पकाएं जब तक कि सब कुछ अच्छी तरह मिल न जाए। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया, थोड़ा सा नींबू का छिलका और एक चुटकी चाट मसाला डालें।

आखिरी स्टेप- बस सारी चीजों को मिलने के बाद गैस बंद कर दें और अंत में आधा नींबू का रस डालकर मिला दें। तैयार है एकदम क्रीमी और स्वादिष्ट मशरूम, इसे रोटी, टोस्ट, चावल के साथ गरमागरम परोसें। आप इसे ऐसे ही खा सकते हैं।

क्रीम की जगह हाई-प्रोटीन पनीर का इस्तेमाल करने से आपको भरपूर क्रीमीपन के साथ-साथ ज़्यादा प्रोटीन भी मिलेगा। बच्चों के लिए ये बेस्ट ऑप्शन है। आप उन्हें टिफिन में बनाकर भी दे सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल