मकर संक्रांति का महापर्व आज देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह लोगों ने स्नान और दान करके इस दिन की शुरुआत की। इस मौके पर देशभर में श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुंचे। पटना, इलाहाबाद, बनारस हर जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। लोगों ने गंगा स्नान करने के बाद भगवान की पूजा की और तिल से बनी मिठाईयों का दान किया। बुधवार को सुबह सूर्योदय के साथ ही संक्रांति का पर्व शुरू हो गया था। इस दिन तिल से बनी मिठाईयों और खिचड़ी का दान करना शुभ माना जाता है।
Related Stories
लोग अपने घरों में तिल और गुड़ के पकवान बनाते हैं साथ ही खाने में खिचड़ी बनती है। आज के बाद सभी मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे। इस दिन भगवान सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं। बुधवार को भगवान सूर्य ने सुबह 7 बजकर 52 मिनट पर मकर राशि में प्रवेश किया है।
इस मौके पर सभी श्रद्धालु गंगा या फिर अन्य नदियों में स्नान के लिए पहुंचे और ब्राह्मणों को दान भी किया। कड़ाके की ठंड होने के बाद भी लोग सुबह सुबह घाट पर स्नान के लिए पहुंच गए। हर जगह भक्तों का तांता लगा रहा।
मकर संक्रांति के मौके पर विभिन्न राज्यों में लोगों ने पतंगबाजी भी की।