1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. सैर-सपाटा
  4. Ram Mandir: अयोध्या ही नहीं इन शहरों के कण-कण में बसते हैं राम, इन प्रसिद्ध राम मंदिरों को घूमने का बना लें प्लान

Ram Mandir: अयोध्या ही नहीं इन शहरों के कण-कण में बसते हैं राम, इन प्रसिद्ध राम मंदिरों को घूमने का बना लें प्लान

 Written By: Bharti Singh
 Published : Jan 22, 2024 12:48 pm IST,  Updated : Jan 22, 2024 01:01 pm IST

Famous Ram Mandir: रामभक्तों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। सिर्फ अयोध्या नगरी नहीं बल्कि देश के सभी शहरों में रामनाम गूंज रहा है। अगर आप राम के भक्त हैं तो देश के दूसरे शहरों में बने ये राम मंदिर जरूर घूम आएं। यहां कण-कण में भगवान राम बसते हैं।

Famous Ram Temple- India TV Hindi
प्रसिद्ध राम मंदिर Image Source : INDIA TV

कण-कण में राम,क्षण-क्षण में राम...श्री राम जय राम जय जय राम...जी हां आज पूरा ब्रह्मांड राम नाम से गूंज रहा है। राम की भक्ति और राम के नाम का रंग पूरे देश में चढ़ा हुआ है। अयोध्या अपने राम के स्वागत में सजी है तो वहीं देश के अलग अलग शहरों में बने राममंदिर भी शोभामान हैं। आखिर वर्षों के इंतजार के बाद रामलला की घर वापसी हो रही है। हर कोई इस खास पल का साक्षी बनना चाहता है। अगर आप अयोध्या नहीं जा पा रहे हैं तो हम आपको फेमस राम मंदिरों के बारे में बता रहे हैं। जहां आप रामलला के दर्शन कर सकते हैं। यहां की रौनक आपका मन मोह लेगी, क्योंकि यहां के कण-कण में राम बसते हैं।

अयोध्या के राम मंदिर की तरह ही देश में कई भव्य राम मंदिर मौजूद हैं। ये मंदिर देश-विदेश में काफी मशहूर हैं। अगर आप भगवान राम के दर्शन करना चाहते हैं तो इन मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना कर सकते हैं और भगवान राम के दिव्य दर्शन कर सकते हैं।

राम राजा मंदिर, मध्यप्रदेश (Ram Raja Temple, Madhya Pradesh)

मध्यप्रदेश में अयोध्या के राजा भगवान राम का मंदिर है। ये देश का इकलौता ऐसा मंदिर है जहां रामलला की पूजा राजा राम के रूप में की जाती है। उत्तर भारत में इस मंदिर की काफी मान्यता और धार्मिक महत्व है। राजा राम का ये मंदिर मध्य प्रदेश के ओरछा में स्थित है। यहां हर दिन राजा राम को बंदूकों से सलामी दी जाती है।

कालाराम मंदिर, महाराष्ट्र (Kalaram Temple, Maharashtra)

नासिक में कालाराम मंदिर भगवान राम का प्रसिद्ध मंदिर है। ये मंदिर भगवान राम के महत्वपूर्ण मंदिरों में से एक है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी यहां भगवान राम के दर्शन किए थे। मान्यता है कि ये भगवान राम का एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां काले रंग की मूर्ति विराजमान है। मान्यता है कि भगवान राम की ये मूर्ति गोदावरी नदी में मिली थी।

त्रिप्रायर श्रीराम मंदिर, केरल (Triprayar Sri Rama Temple, Kerala)

प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर केरल में भी भगवान राम का मंदिर है। यहां का प्राचीन त्रिप्रायर श्री राम मंदिर पूरे दक्षिण भारत में प्रसिद्ध है। हर दिन यहां हजारों भक्त पहुंचते हैं। कहा जाता है कि इस मूर्ति की पूजा-पाठ भगवान श्रीकृष्ण किया करते थे। यहां सारी मन्नतें पूरी होती है।

रामास्वामी मंदिर, तमिलनाडु (Ramaswamy Temple, Tamil Nadu)

साउथ के प्रसिद्ध मंदिरों में तमिलनाडु का रामास्वामी मंदिर भी है। ये विश्व प्रसिद्ध मंदिर है जिसे बेहद पवित्र माना जाता है। मान्यता है कि इस मंदिर का उल्लेख रामायण में भी किया गया है। मंदिर की दीवारों पर बनी वास्तुकला रामायण काल की घटनाओं को दर्शाती है। यहां राम, सीता, लक्ष्मण और शत्रुघ्न की मूर्ति है।

सीता रामचंद्रस्वामी मंदिर, तेलंगाना (Sita Ramachandra Swamy Temple, Telangana)

गोदावरी नदी के तट पर एक भव्य और प्राचीन राम मंदिर है, जो सीता रामचंद्रस्वामी मंदिर के नाम से प्रसिद्ध है। मान्यता है कि ये मंदिर उसी जगह बना है जहां सीता माता को लंका से लाने के लिए भगवान राम ने गोदावरी नदी को पार किया था। मंदिर में भगवान राम और माता सीता की मूर्ति है।

अयोध्या में राम लला के दर्शन के बाद जरूर घूम लें ये फेमस जगह, नहीं तो अधूरी रह जाएगी ट्रिप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Travel से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल