1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. IAS अधिकारी के फार्महाउस में जुआ खेल रहे 18 गिरफ्तार, कई पुलिस अफसर भी हुए सस्पेंड

IAS अधिकारी के फार्महाउस में जुआ खेल रहे 18 गिरफ्तार, कई पुलिस अफसर भी हुए सस्पेंड

 Published : Mar 12, 2026 08:15 am IST,  Updated : Mar 12, 2026 08:15 am IST

मध्य प्रदेश के इंदौर में महिला IAS अधिकारी वंदना वैद्य के फार्महाउस पर पुलिस छापे में 18 लोग जुआ खेलते पकड़े गए और 13.68 लाख रुपये कैश बरामद हुआ। मामले में 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड हुए हैं। IAS अधिकारी ने अवैध घुसपैठ और आपराधिक गतिविधियों की अलग से जांच की मांग की है।

Indore gambling raid, IAS officer farmhouse raid, Vandana Vaidya IAS- India TV Hindi
मौके से ताश की गड्डियां और भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ है। Image Source : PEXELS REPERESENTATIONAL

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक महिला IAS अधिकारी के फार्महाउस पर पुलिस ने छापेमारी करके 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये लोग फार्महाउस में अवैध तरीके से घुसकर जुआ खेल रहे थे। इस मामले में 3 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड भी कर दिया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंदौर शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर अवालीपुरा गांव में एक फार्महाउस पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को पुलिस ने छापा मारा और 18 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया, जबकि 6 लोग भाग निकले।

जुआरियों के पास से पकड़ा गया लाखों का कैश

पुलिस ने पकड़े गए लोगों के पास से 30 मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और 13.68 लाख रुपये कैश बरामद किए। सभी आरोपी राज्य के अलग-अलग हिस्सों के रहने वाले हैं। फार्महाउस का मुख्य गेट बंद था, लेकिन अंदर लोग जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ BNS और जुआ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस जुए को आयोजित करने वाला मुख्य आरोपी जगदीश राठौर उर्फ कुबड़ा, फार्महाउस का केयरटेकर रंजीत चौधरी और कुछ अन्य लोग भाग निकले। यह फार्महाउस IAS अधिकारी वंदना वैद्य और उनके परिवार का है।

आरोपियों के पकड़ जाने के बाद IAS ने लिखा पत्र

वंदना वैद्य अभी मध्य प्रदेश सरकार के फाइनेंस डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद वैद्य ने पुलिस को एक पत्र लिखकर शिकायत की कि कुछ अज्ञात लोग अवैध तरीके से उनके परिवार की फार्महाउस में घुस आए थे और वहां आपराधिक गतिविधियां कर रहे थे। पत्र में उन्होंने यह भी लिखा कि उन्हें शक है कि इन लोगों ने चोरी भी की है। उन्होंने मांग की कि इन लोगों के खिलाफ अलग से आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।

मानपुर पुलिस स्टेशन के कई अधिकारी सस्पेंड

मामले की जांच कर रही इंदौर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया ने बताया, 'IAS अधिकारी के पत्र की जांच की जाएगी। यह पता लगाया जाएगा कि लोग फार्महाउस में अवैध रूप से कैसे घुसे। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।' इस पूरे घोटाले में मानपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी, बीट के सब-इंस्पेक्टर और एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फार्महाउस के अंदर जुआ कैसे चल रहा था और पुलिसकर्मियों की क्या भूमिका थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।