1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. शिवराज के इस्तीफे के बाद बुधनी विधानसभा सीट पर सबकी नजर, कौन होगा अगला सरताज?

शिवराज के इस्तीफे के बाद बुधनी विधानसभा सीट पर सबकी नजर, कौन होगा अगला सरताज?

 Published : Jun 18, 2024 11:12 am IST,  Updated : Jun 18, 2024 11:12 am IST

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। दरअसल वर्तमान में शिवराज सिंह चौहान लोकसभा सांसद बन चुके हैं और उन्हें केंद्र सरकार में मंत्री बनाया गया है।

shivraj singh chouhan- India TV Hindi
शिवराज सिंह चौहान Image Source : PTI

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बुधनी विधानसभा सीट से इस्तीफा देने के बाद अब हर किसी की नजर संभावित उम्मीदवार और आगामी उपचुनाव पर है। राज्य में अभी हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। वह बुधनी से भी वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में विधायक के तौर पर निर्वाचित हुए थे। कोई भी व्यक्ति एक सदन का ही सदस्य रह सकता है। लिहाजा उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

बीजेपी का गढ़ है बुधनी

केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे के बाद उपचुनाव होना तय हो गया है। सवाल यही है कि उपचुनाव में भाजपा यहां से किसे अपना उम्मीदवार बनाती है। कई नेता इस सीट पर अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। बुधनी विधानसभा क्षेत्र विदिशा संसदीय क्षेत्र के तहत आता है और दोनों ही भाजपा के गढ़ माने जाते हैं।

इससे पहले राज्य के छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे कमलेश शाह ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। अब वहां भी 10 जुलाई को मतदान होना है । भाजपा ने कमलेश शाह को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया तो वहीं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी भी अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। कांग्रेस ने अभी तक अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।

अमरवाड़ा के लिए 35 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी

भाजपा ने अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के प्रचार के लिए 35 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने अमरवाड़ा के लिए दो प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। इसके अलावा बुधनी के लिए भी दो प्रभारी नियुक्त किये जा चुके हैं। कुल मिलाकर लोकसभा चुनाव के बाद राज्य में उपचुनावों का दौर शुरू हो रहा है। अमरवाड़ा में चुनाव कार्यक्रम घोषित हो चुका है तो वहीं आने वाले दिनों में बुधनी विधानसभा क्षेत्र का भी चुनावी कार्यक्रम घोषित हो सकता है। इसके अलावा विजयपुर और बीना से कांग्रेस विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। फिलहाल उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया है। उनके इस्तीफा देने के बाद वहां भी चुनाव होने तय हैं।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में मिला स्थान

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में शिवराज सिंह चौहान को विदिशा लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था। इस सीट से शिवराज सिंह चौहान ने धमाकेदार जीत दर्ज की है। दरअसल कांग्रेस ने इस सीट से प्रताप भानु शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया था। शिवराज सिंह चौहान ने 8 लाख से अधिक वोटों के मार्जिन से प्रताप भानु शर्मा को चुनाव में हराया है। वर्तमान में शिवराज सिंह चौहान को कैबनेट में कृषि मंत्री बनाया गया है। साथ ही उनके पास पंचायत और ग्रामीण विकास की भी जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें-

'यह मध्य प्रदेश है हैदराबाद नहीं', सीएम मोहन यादव ने क्यों दी ओवैसी को चेतावनी?

बुधनी विधानसभा सीट से शिवराज सिंह चौहान ने दिया इस्तीफा, भावुक होकर बोले- मैं छह बार विधायक....

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।