1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. एमपी में पति को मारने का एक और कांड! 7 साल पुराने BF के लिए पति को दी दर्दनाक मौत

एमपी में पति को मारने का एक और कांड! 7 साल पुराने BF के लिए पति को दी दर्दनाक मौत

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Apr 11, 2026 11:54 pm IST,  Updated : Apr 11, 2026 11:54 pm IST

Neelesh Jatav Murder: भिंड में एक महिला ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने पति को इसलिए मरवा दिया क्योंकि वह उनके प्यार में बाधा बन रहा था। इसके लिए महिला ने झूठी कहानी रची, जिसका पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ।

Bhind murder case- India TV Hindi
भिंड में पत्नी ने BF के हाथों पति को मरवा दिया। Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो)

Bhind Murder Case: मध्य प्रदेश के भिंड में दहलाने वाले घटना हुई है। यहां एक महिला ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने पति की हत्या करवा दी, जिसके बाद आज (शनिवार को) दोनों को अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस अधिकारी बताया कि 23 साल की आरोपी रूबी ने जिले के अटेर थाना इलाके में बीते 8 अप्रैल को हुई इस वारदात को लूट का रंग देने की कहानी गढ़ी थी लेकिन पुलिस जांच में उसने सच्चाई कबूल कर ली।

बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर रची साजिश

एसपी असित यादव ने कहा कि रूबी और उसका 21 साल का प्रेमी विशाल विमल गिरफ्तार हो गए हैं, जबकि पति नीलेश जाटव की हत्या में साथ देने वाले एक दूसरे आरोपी राजेश कुशवाह की खोज चल रही है। उन्होंने कहा कि इस केस में मृतक की पत्नी ही मर्डर की साजिश की मुख्य आरोपी पाई गई, जिसने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर साजिश को अंजाम दिया।

अज्ञात लुटेरों के जान से मारने की झूठी कहानी

दरअसल, 8 अप्रैल को अटेर थाना पुलिस को खबर मिली थी कि एक बाइक सवार युवक नीलेश जाटव को उसकी पत्नी और बच्ची के सामने ही अज्ञात लुटेरों ने गोली मारकर जान से मार डाला। एसपी ने बताया कि इस केस में नीलेश जाटव की पत्नी ने पुलिस को बताया था कि वह अपने पति और बच्ची के साथ बाइक पर जामना गांव से खरिका लौट रही थी तभी रास्ते में उसका बैग गिर गया। जैसे ही पति ने बाइक रोकी और वह बैग उठाने गई, तभी पीछे से आए दो बदमाशों ने गोली मारकर पति की जान ले ली और फरार हो गए।

मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ हुआ खुलासा

फिर पुलिस ने अटेर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मर्डर का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल टीम की मदद से तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए। फिर जांच में पत्नी के बयान संदिग्ध मिले। इसके बाद भिंड पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसमें पूरे केस का खुलासा हो गया।

7 साल से देवर से था अफेयर

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि मृतक की बीवी रूबी का रिश्ते में देवर विशाल विमल से करीब 7 साल से प्रेम प्रसंग था। दोनों आपस में व्हाट्सएप कॉलिंग और चैटिंग के माध्यम से लगातार संपर्क में रहते थे। पति उनके रिश्ते में बाधा था, इसलिए दोनों ने मिलकर उसका मर्डर करने की साजिश रची। उन्होंने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल 12 बोर का देसी कट्टा, खाली कारतूस, बिना नंबर की बाइक और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

धार हत्याकांड की कहानी

हाल ही में मध्य प्रदेश में यह दूसरा ऐसा मामला उजागर हुआ था, जिसमें पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर अपने पति को मरवा दिया था। धार जिले में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर प्लानिंग की और 'सुपारी' देकर पति की जान ले ली। इस घटना को पहले लूट की घटना दिखाने की कोशिश हुई थी लेकिन बाद में पुलिस की जांच में सच सामने आया।

ये भी पढ़ें- पत्नी ही निकली मिर्च व्यापारी की कातिल, प्रेमी के साथ मिलकर किया पूरा कांड; जांच में ऐसे हुआ बड़ा खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।