1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. ऐसा क्या हुआ कि कोर्ट ने दोषी को सुनाई 'तिहरी' मौत की सजा? मां-बहन को भी भेजा जेल, जानिए पूरा मामला

ऐसा क्या हुआ कि कोर्ट ने दोषी को सुनाई 'तिहरी' मौत की सजा? मां-बहन को भी भेजा जेल, जानिए पूरा मामला

 Published : Mar 18, 2025 11:17 pm IST,  Updated : Mar 18, 2025 11:23 pm IST

कोर्ट की सजा सुनकर वहां मौजूद लोगों ने कहा कि यह राज्य में पहली बार है कि किसी व्यक्ति को तिहरी मौत की सजा दी गई है। इसके साथ ही कोर्ट ने दोषी व्यक्ति के मां और बहन को भी दो साल जेल में डालने की सजा सुनाई है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

भोपाल की एक विशेष अदालत ने पिछले साल एक नाबालिग लड़की के साथ नृशंस दुष्कर्म और हत्या के लिए तीन आरोपों में मंगलवार को 30 वर्षीय एक व्यक्ति दोषी करार देते हुए ‘तिहरी मौत की सजा' सुनाई। यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम से संबंधित मामलों की सुनवाई कर रही विशेष न्यायाधीश कुमुदिनी पटेल ने मामले के संबंध में पुरुष आरोपी अतुल निहाले की मां और बहन को भी दो-दो साल कारावास की सजा सुनाई। 

मां और बहन अपराध छिपाने के दोषी

अभियोजन पक्ष के जनसंपर्क अधिकारी मनोज त्रिपाठी ने एक बयान में कहा कि भोपाल के शाहजहानाबाद क्षेत्र की पांच साल की बच्ची की सितंबर 2024 में बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी को अपराध के लिए दोषी ठहराया गया और मौत की सजा सुनाई गई, जबकि उसकी मां और बहन को अपराध छिपाने का दोषी पाया गया। 

ये राज्य में पहली बार जब तिहरी मौत की सजा सुनाई गई

अधिकारी के अनुसार, यह पहली बार है कि राज्य में किसी व्यक्ति को तिहरी मौत की सजा सुनाई गई है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, नाबालिग लड़की 24 सितंबर, 2024 को शाहजहानाबाद इलाके में अपने चाचा के फ्लैट से निकलने के बाद लापता हो गई थी। घर से बाहर निकलने से पहले उसने अपनी दादी से कहा था कि वह 15 मिनट में वापस आ जाएगी। 

फ्लैट से आ रही थी दुर्गंध

उन्होंने कहा कि जब लड़की घर वापस नहीं लौटी, तो उसकी दादी ने तलाश शुरू की, लेकिन जब वह नहीं मिली तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल किया और श्वान दस्ते की मदद ली। अधिकारी के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को आरोपी निहाले के फ्लैट से दुर्गंध आई। 

महिलाएं मचाने लगीं शोर

उन्होंने कहा कि पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाया तो आरोपी की मां बसंती बाई और बहन चंचल ने पुलिस को बताया कि बदबू मरे हुए चूहों की वजह से आ रही है और उन्होंने अभी-अभी फर्श को फिनाइल से साफ किया है। उन्होंने कहा कि जब पुलिस ने तलाशी जारी रखी, तो दोनों महिलाएं शोर मचाने लगीं और कर्मियों को जांच करने से रोकने का प्रयास किया। 

पीड़िता का शव पानी की टंकी में मिला था

हालांकि, महिला पुलिस ने उन्हें एक तरफ ले जाकर तलाशी जारी रखी और पाया कि बदबू एक सफेद प्लास्टिक की पानी की टंकी से आ रही थी और पुलिस टीम को उसमें पीड़िता का शव मिला। त्रिपाठी ने कहा कि जांच के बाद में चिकित्सकों ने पुष्टि की कि लड़की के साथ नृशंस बलात्कार किया गया था और उसके निजी अंग को बुरी तरह से जख्मी कर दिया गया था। 

घटना स्थल से चाकू भी बरामद

उन्होंने कहा कि अतुल निहाले और उसकी मां व बहन से पूछताछ के बाद पुलिस ने पीड़िता के कपड़े और अपराध में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। अभियोजन पक्ष के पीआरओ ने बताया कि निहाले ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और पुलिस को बताया है कि उसकी मां और बहन ने अपराध छिपाने में मदद की थी। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।