भोपाल से रीवा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन बड़े हादसे का शिकार होते-होते बची है। वंदे भारत एक्सप्रेस से पटरियों के पास ही बन रहे निर्माणाधीन ब्रिज के सरिए टकरा गए जिसके बाद ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकना पड़ा। इस घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अचानक ब्रेक लगने से घबरा गए यात्री
ये हादसा दोपहर करीब पौने 4 बजे औबेदुल्लागंज स्टेशन के पास हुआ। बताया जा रहा है कि रेलवे की गति शक्ति परियोजना के तहत पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माणाधीन पुल के सरिए तेज आंधी के कारण तिरछे होकर ट्रैक की ओर मुड़ गए थे। इसी बीच वंदे भारत एक्सप्रेस तेज रफ्तार से गुजरी। मुड़े सरिए ट्रेन के कोच से टच हो गए। इस कारण कोच C-3 से C-7 तक के कोच सरिए से रगड़ते हुए निकले। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी रोकी। ब्रेक लगने से यात्री डर गए।
ट्रेन के कोच में फंसे सरिए
हादसे के बाद लोहे के सरिये वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के कोच में फंस गए थे जिन्हें काटकर अलग किया गया है। ट्रेन की खिड़कियों के कांच टूट गए हैं। इस घटना के कारण यात्रियों में हड़कंप मच गया और काफी देर तक ट्रेन रूकी रही। ये भी बताया जा रहा है कि ब्रिज की निर्माण सामग्री पर ढंका तिरपाल तेज हवा और आंधी से उड़कर ओएचई लाइन पर लिपट गया।
काफी देर तक नहीं खुले ट्रेन के गेट
ट्रेन में सवार यात्रियों ने कुछ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किए है। जिसमें बताया जा रहा है कि लोहे की छड़ ट्रेन के कांच फोड़कर अंदर तक आ गई है। काफी देर तक ट्रेन के गेट भी नहीं खुले थे जिसके कारण यात्रियों में दहशत फैल गई थी।
(रिपोर्ट- अब्दुल सलीम)
यह भी पढ़ें-