1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: पहले शराब पीकर युवकों ने गली में पलटाई कार, फिर शिकायत करने वालों से भिड़े, भोपाल की UB सिटी में मचा बवाल

VIDEO: पहले शराब पीकर युवकों ने गली में पलटाई कार, फिर शिकायत करने वालों से भिड़े, भोपाल की UB सिटी में मचा बवाल

 Reported By: Anurag Amitabh Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 01, 2026 11:54 pm IST,  Updated : Sep 01, 2026 11:54 pm IST

युवकों ने रात भर शराब पार्टी की। इसके बाद सुबह तेज रफ्तार कार से एक वाहन को गली में टक्कर मार दी। इसके चलते उनकी खुद की कार गली में पलट गई। इस हादसे का वीडियो सामने आया है।

शराब के नशे में गली के अंदर पलटी कार- India TV Hindi
शराब के नशे में गली के अंदर पलटी कार Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार रोड की यूबी सिटी कॉलोनी में शराब के नशे में युवकों के हुड़दंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अपनी नानी के घर आए एक युवक ने चार दोस्तों के साथ रातभर शराब पार्टी की। इसके बाद सुबह तेज रफ्तार में कार चलाते समय कॉलोनी के अंदर ही एक्सीडेंट कर दिया। कार पलटने से कॉलोनी में हड़कंप मच गया।

लड़कों ने गाली-गलौज और अभद्रता

घटना से डरे कॉलोनी के लोगों ने कजलीखेड़ा थाने में लिखित शिकायत दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद युवक और उसके साथी नाराज हो गए। रात में उन्होंने दोबारा कॉलोनी में पहुंचकर लोगों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की।

सूचना देने के बाद भी समय पर नहीं पहुंची पुलिस

इससे कॉलोनी के लोग और ज्यादा परेशान हो गए। घबराए लोगों ने सुरक्षा के लिए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी लेकिन उनके मुताबिक पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद कॉलोनी के कुछ प्रतिनिधि खुद कजलीखेड़ा थाने पहुंचे और पुलिस बल के साथ वापस मौके पर आए।

पुलिस ने कई बार दरवाजा खोलने की कोशिश की

पुलिस के पहुंचने पर आरोपी युवक और उसके साथियों ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पुलिस ने कई बार दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस ने घर के मेन गेट पर बाहर से ताला लगा दिया।

पुलिस का कहना है कि रात में थाने में पर्याप्त बल नहीं होने के कारण यह कदम उठाया गया। पुलिस के मुताबिक, सुबह ताला खोलकर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। 

पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज किया केस

इस पूरे मामले पर एडिशनल डीसीपी अनिल शर्मा ने कहा कि कल रात को UB सिटी से पुलिस को फोन आया था जिस पर थाना कजलीखेड़ा पुलिस पहुंची थी, जिसमें स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया था कि युवक समय-समय पर गाली-गलौज और गाड़ियों के साथ छेड़खानी की घटना को अंजाम देता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पार्थ को पुलिस ने शांति भंग करने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज  किया है।

ये भी पढ़ें: 

भोपाल में फर्जी IPS और इनकम टैक्स अधिकारी बनकर ठगी, नौकरी के नाम पर ऐंठे 8 लाख, आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।