1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. देवास में 2 शातिर चोर गिरफ्तार, 76 वर्षीय बुजुर्ग से दिनदहाड़े लूटी 1.50 लाख की चेन, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने धर दबोचा

देवास में 2 शातिर चोर गिरफ्तार, 76 वर्षीय बुजुर्ग से दिनदहाड़े लूटी 1.50 लाख की चेन, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने धर दबोचा

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jun 27, 2026 05:22 pm IST,  Updated : Jun 27, 2026 05:22 pm IST

देवास में एक 76 वर्षीय बुजुर्ग से डेढ़ लाख की चेन लूटने के आरोप में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बुजुर्ग के घर परिचित बनकर पहुंचे थे, जिन्होंने बातचीत के दौरान बुजुर्ग के गले से चीन छीनी और फरार हो गए।

mp news- India TV Hindi
देवास पुलिस ने लूट के 24 घंटे के भीतर 2 आरोपियों को धर दबोचा। Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के देवास में पुलिस ने 76 वर्षीय बुजुर्ग से हुई दिनदहाड़े चेन लूट की वारदात पर तुरंत एक्शन लेते हुए वारदात के महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन भी बरामद की है। इस पूरे मामले में एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है, जो रोजाना बुजुर्ग के घर टिफिन पहुंचाने का काम करता था। मामले में पुलिस ने इस शख्स को भी आरोपी बनाया है। फिलहाल वह फरार है और उसकी तलाश जारी है।

परिचित बनकर बुजुर्ग के घर पहुंचा आरोपी

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस पूरी घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि 24 जून को थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी 76 वर्षीय वंशीधर बरोनिया के घर एक युवक परिचित बनकर पहुंचा। बातचीत के दौरान युवक ने बुजुर्ग के गले से सोने की चेन झपट ली और साथी के साथ फरार हो गया। घटना के बाद बुजुर्ग ने पुलिस में इस पूरी वारदात की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की और चोरी के 24 घंटे के भीतर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

सीसीटीवी के जरिए आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शहरभर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का सहारा लिया, जिसकी मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा करते हुए बताया कि वे बुजुर्ग के घर रोजाना टिफिन पहुंचाने वाले एक व्यक्ति के संपर्क में थे, जिसने उन्हें बुजुर्ग के बारे में सभी सूचना दी। उसने ही उन्हें बताया था कि बुजुर्ग घर में अकेले हैं, जानकारी मिलने के बाद दोनों आरोपियों ने लूट की पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

आरोपियों के पास से डेढ़ लाख की चेन बरामद

पुलिस ने जयराज पिता आनंद कुमरे (30 वर्ष) और धनराज पिता आनंद कुमरे (50 वर्ष) निवासी गजरा गियर्स झुग्गी, देवास को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद कर ली है। वहीं, सूचना देने वाले टिफिन सप्लायर को भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया है, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस

एसपी पुनीत गेहलोत ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जिले में लगे 10 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे अपराधों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी तकनीकी नेटवर्क की मदद से इस वारदात का भी 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा किया गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

(रिपोर्ट- अरविंद चोकसे)

ये भी पढ़ेंः भगवत कथा में नाची पत्नी तो पति ने कुल्हाड़ी से काटा, 2 बच्चों को भी मारा और ट्रेन से कटकर दे दी जान

हत्या या आत्महत्या: फाइनेंस दफ्तर की बिल्डिंग से कर्मचारी के गिरने का लाइव वीडियो आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।