झाबुआ (मध्य प्रदेश): पति पत्नी के बीच बिगड़ते रिश्तों और उनके गंभीर परिणामों का एक और हैरान कर देने वाला मामला झाबुआ जिले के राणापुर थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां एक पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की नाक काटकर उसे गंभीर घायल कर दिया। गुस्साए आरोपी पति ने ब्लेड का इस्तेमाल करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि कटी नाक कहां गई, नहीं पता।
चरित्र शंका में की खौफनाक वारदात
राणापुर थाना क्षेत्र के पाड़लवा गांव में हुई इस घटना के आरोपी पति राकेश (23) को शक था कि उसकी पीठ पीछे 22 वर्षीय पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करती है। उसे लगता था कि पत्नी का किसी अन्य युवक के साथ अवैध संबंध है। मंगलवार को दोनों पति-पत्नी संतरामपुर से बाइक पर अपने गांव पाड़लवा लौट रहे थे। पूरे रास्ते युवक अपनी पत्नी से झगड़ा करता रहा। शाम करीब 4.30 बजे जब दोनों गांव पहुंचे तो यहां भी उनके बीच विवाद हुआ।
ब्लेड से पत्नी की उंगलियों पर भी किया वार
बात इतनी बढ़ गई कि गुस्साए राकेश ने अपने पर्स में से ब्लेड निकाली और पत्नी की नाक काट दी। ब्लेड से उसने पत्नी की उंगलियों पर भी वार किया जिससे वह घायल हो गई। हालांकि आरोपी राकेश ही अपनी पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल ले गया, लेकिन घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति राकेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानवर खा गए कटी हुई नाक?
हैरानी की बात यह है कि अब कटी हुई नाक मिल नहीं रही है। घरवालों ने काफी खोजा लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। अब बताया जा रहा है कि शायद उसे किसी जंगली जानवर ने खा लिया हो। हालांकि इसका कोई सबूत सामने नहीं आया है। वहीं पीड़ित महिला का कहना है वह अपने पति से खुश नहीं है और उससे अलग होना चाहती है।
(रिपोर्ट- सचिन जोशी)
यह भी पढ़ें-