1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. नर्मदा नदी में नहाते समय डूबने लगा युवक, SDRF जवान ने बचाई जान, रेस्क्यू का वीडियो आया सामने

नर्मदा नदी में नहाते समय डूबने लगा युवक, SDRF जवान ने बचाई जान, रेस्क्यू का वीडियो आया सामने

 Published : Jul 16, 2026 04:41 pm IST,  Updated : Jul 16, 2026 05:31 pm IST

वीडियो में देखा जा सकता है कि एसडीआरएफ का जवान नाविक की मदद से युवक को नदी से बाहर ले जाते हैं और उसकी जान बच जाती है। इसके बाद नदी में नहा रहे अन्य लोगों को भी किनारे जाने के लिए कहा जाता है।

Rescue narmada River- India TV Hindi
युवक को बचाता एसडीआरएफ का जवान Image Source : REPORTER INPUT

खंडवा जिले की धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार को एसडीईआरएफ जवान ने पानी में डूब रहे एक युवक की जान बचा ली। नाव चालक और जवान की मदद से बड़ा हादसा टल गया। ब्रह्मपुरी घाट पर स्नान के दौरान इंदौर निवासी 19 वर्षीय युवक सिद्धार्थ गहरे पानी में डूबने लगा। युवक को पानी में संघर्ष करते देख घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत शोर मचाकर सहायता की गुहार लगाई, जिसके बाद मौके पर तैनात एसडीईआरएफ के जवान और नाव चालक ने साहस एवं तत्परता का परिचय देते हुए युवक की जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिद्धार्थ अपने साथियों के साथ नर्मदा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और तेज बहाव के कारण खुद को संभाल नहीं सका। कुछ ही देर में वह डूबने लगा। घाट पर मौजूद लोगों ने जब युवक को मदद के लिए हाथ-पैर मारते देखा तो जोर-जोर से आवाज लगाई।

रेस्क्यू का वीडियो आया सामने

सूचना मिलते ही घाट पर ड्यूटी कर रहे एसडीईआरएफ जवान महेश रावत बिना समय गंवाए लाइफ बोट लेकर नर्मदा में कूद पड़े। वहीं, पास में मौजूद नाव चालक शिवा वर्मा भी तुरंत नाव लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान में सक्रिय सहयोग किया। दोनों ने हिम्मत दिखाते हुए युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस रेस्क्यू का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है।

बड़ा हादसा टला

घाट पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और एसडीईआरएफ जवान तथा नाव चालक की बहादुरी की सराहना की। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और युवक की जान बच गई। प्राथमिक जांच में युवक की स्थिति सामान्य बताई गई। पिछले महीने नर्मदा नदी में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई थी।

श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील

जिला सेनानी होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ ने इस घटना के बाद श्रद्धालुओं से अपील की है, कि नर्मदा में स्नान करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें, गहरे पानी में जाने से बचें तथा चेतावनी संकेतों और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन अवश्य करें। अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, जबकि सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई कई अनमोल जिंदगियां बचा सकती है। गुरुवार की यह घटना इसी बात का उदाहरण है, कि कुछ सेकंड की बहादुरी और तत्परता ने एक परिवार की खुशियां उजड़ने से बचा लीं।

(खंडवा से प्रतीक मिश्रा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

नर्मदा नदी में डूबने से 3 युवकों की मौत, दद्दा घाट पर बड़ा हादसा, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

टीकमगढ़ में तालाब में डूबने से 3 नाबालिग बच्चों की मौत, बाल-बाल बचा चौथा दोस्त, मौके पर पहुंची पुलिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।