1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. दांत दर्द की गोली मांगने पर मेडिकल स्टोर वाले ने दी सल्फास की गोली, खाकर महिला की हुई मौत

दांत दर्द की गोली मांगने पर मेडिकल स्टोर वाले ने दी सल्फास की गोली, खाकर महिला की हुई मौत

 Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : May 17, 2025 02:18 pm IST,  Updated : May 17, 2025 02:28 pm IST

मध्यप्रदेश के झाबुआ में एक महिला को मेडिकल स्टोर पर दांत दर्द की गोली मांगना महंगा पड़ गया। उसे दुकानदार ने सल्फास की गोली दे दी, जिसे खाकर उसकी मौत हो गई।

 Jhabua- India TV Hindi
दांत दर्द की गोली मांगने पर महिला को दी सल्फास की गोली Image Source : FREEPIK/REPRESENTATIVE PIC

झाबुआ: मध्यप्रदेश के झाबुआ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने मेडिकल स्टोर पर जाकर दांत दर्द की गोली मांगी थी लेकिन दुकानदार ने उसे सल्फास की गोली दे दी। महिला ने उसे दांत दर्द की दवाई समझकर खा लिया और उसकी मौत हो गई। ये मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया और मेडिकल स्टोर पर दवाई बेचने वाले शख्स को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक का सामने आया बयान

झाबुआ के पुलिस अधीक्षक पदम विलोचन शुक्ल ने बताया, 'पुलिस ने दुकान मालिक को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर धरमपुरी गांव की निवासी रेखा बृहस्पतिवार शाम को थांदला गेट के पास एक मेडिकल स्टोर गई थी और दांत दर्द से राहत के लिए दवा मांगी थी। दुकान के विक्रेता ने उसे सल्फास की गोली दी, जिसे उसने उसी रात घर पर खा लिया और उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।'

पुलिस अधीक्षक ने बताया, 'परिवार ने शुक्रवार को पुलिस को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सल्फास के कारण मौत की पुष्टि हुई है, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया और दुकान के मालिक लोकेंद्र बाबेल (52) को गिरफ्तार कर लिया गया।'

पुलिस अधीक्षक ने बताया, 'यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि दुकान में सल्फास की गोलियां क्यों रखी गई थीं। दुकान को सील कर दिया गया और औषधि नियंत्रक विभाग भी जांच कर रहा है। महिला को गोलियां देने वाले विक्रेता को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।' इस मामले के सामने आने के बाद इलाके के लोग हैरान हैं और कह रहे हैं कि इतनी लापरवाही कहीं नहीं देखी। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।