1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. पुरानी इटारसी में बड़ा हादसा, ठेले पर रसोई गैस सिलेंडर फटने से 5 लोग गंभीर रूप से झुलसे

पुरानी इटारसी में बड़ा हादसा, ठेले पर रसोई गैस सिलेंडर फटने से 5 लोग गंभीर रूप से झुलसे

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 27, 2026 10:44 am IST,  Updated : Jul 27, 2026 10:44 am IST

नर्मदापुरम के पुरानी इटारसी में रविवार शाम ठेले पर रसोई गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस धमाके में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस आरक्षक समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका इलाज जारी है।

fire- India TV Hindi
आग। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पुरानी इटारसी क्षेत्र में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। यहाँ सड़क किनारे लगे एक ठेले की दुकान में अचानक रसोई गैस का छोटा सिलेंडर फट गया, जिससे क्षेत्र में तेज धमाका हुआ। इस दुर्घटना की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस आरक्षक सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

आग बुझाने के प्रयास में झुलसे लोग और आरक्षक

यह घटना रविवार रात लगभग 9 बजे के आसपास की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ठेले पर लगी दुकान में इस्तेमाल हो रहे घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक आग पकड़ ली थी। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और स्थिति बेकाबू हो गई। दुकान में आग लगी देखकर वहां मौजूद लोग और गश्त पर तैनात पुलिसकर्मी उसे बुझाने के प्रयास में जुट गए। इसी दौरान सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया।

घायल लोगों की लिस्ट

इस हादसे में आरक्षक राजकुमार, अनुपम, कमल, अंशु और सुभाष नाम के व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। आरक्षक राजकुमार उस समय क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी नियमित ड्यूटी पर थे और आग बुझाने की कोशिश में सीधे ब्लास्ट की ज़द में आ गए। बताया जा रहा है कि धमाका होते ही दुकानदार मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

राहगीरों ने की मदद, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक लोगों को इसकी गूंज सुनाई दी। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने बिना समय गंवाए घायलों की मदद शुरू की और तुरंत पुलिस प्रशासन व एम्बुलेंस को इसकी सूचना दी। पुलिस बल की मदद से सभी पाँचों झुलसे हुए व्यक्तियों को आनन-फानन में इटारसी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

अस्पताल के डॉक्टरों की टीम घायलों के प्राथमिक उपचार और देखभाल में लगी हुई है। फिलहाल सभी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घरेलू सिलेंडर में आग लगने का मुख्य कारण क्या था।

रिपोर्ट- अब्दुल सलीम 

ये भी पढ़ें: इंदौर में गुड़ खिला रहे ऑटो ड्राइवर को हाथी ने सूंड से उठाकर पटका, पैर से कुचला, मौत, CCTV में कैद हुई घटना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।