1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया पर टिप्पणी करके देश को शर्मासार किया, बर्खास्त करें: उमा भारती

मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया पर टिप्पणी करके देश को शर्मासार किया, बर्खास्त करें: उमा भारती

 Published : May 14, 2025 11:44 pm IST,  Updated : May 14, 2025 11:44 pm IST

एक पोस्ट में कहा, ‘‘विजय शाह की मंत्री पद से बर्खास्तगी एवं प्राथमिकी दोनों कार्रवाई तुरंत होनी चाहिए क्योंकि उन्होंने पूरे देशवासियों को लज्जित किया है।’’ मध्यप्रदेश हाईकोर्ट द्वारा शाह के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश के बाद भारती पहली नेता हैं, जिन्होंने शाह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Uma bhart- India TV Hindi
उमा भारती Image Source : PTI

भोपाल:  कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी करने वाले राज्य सरकार के मंत्री विजय शाह से पूर्व सीएम और बीजेपी की नेता उमा भारती काफी नाराज दिखीं। उन्होंने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी करके मंत्री विजय शाह ने पूरे देश को शर्मसार किया है। उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाना चाहिए। 

विजय शाह ने पूरे देशवासियों को लज्जित किया 

उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विजय शाह की मंत्री पद से बर्खास्तगी एवं प्राथमिकी दोनों कार्रवाई तुरंत होनी चाहिए क्योंकि उन्होंने पूरे देशवासियों को लज्जित किया है।’’ मध्यप्रदेश हाईकोर्ट द्वारा शाह के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश के बाद भारती पहली नेता हैं, जिन्होंने शाह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

हाईकोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने का दिया आदेश

इससे पहले दिन में, हाईकोर्ट ने मंत्री विजय शाह को कर्नल सोफिया के खिलाफ ‘‘खतरनाक’’ और ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी करने तथा ‘‘गटर की भाषा’’ का इस्तेमाल करने के लिए फटकार लगाई और पुलिस को आदेश दिया कि वह दुश्मनी और घृणा को बढ़ावा देने के लिए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करे। कर्नल कुरैशी तब सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों पर हमला करने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पिछले सप्ताह चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विदेश सचिव विक्रम मिसरी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के साथ नियमित प्रेस वार्ता की थी। 

इंदौर के पास जनसभा में की थी अपमानजनक टिप्पणी

मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और आदिम जाति कल्याण मंत्री शाह ने पिछले दिनों कर्नल कुरैशी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने सोमवार को इंदौर के पास रामकुंडा गांव में एक सभा को संबोधित करते हुए ये अपमानजनक टिप्पणियां की थीं। उनके बयानों का स्वत: संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने पुलिस को मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।(इनपुट-भाषा)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।