1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,882 नए मामले, 23 मरीजों की मौत

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,882 नए मामले, 23 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 09, 2021 10:15 pm IST,  Updated : Apr 09, 2021 10:15 pm IST

मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 4,882 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 3,27,220 तक पहुंच गयी।

MP adds 4,882 COVID-19 cases to tally, 23 casualties- India TV Hindi
मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 4,882 नए मामले सामने आए। Image Source : PTI

भोपाल: मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 4,882 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 3,27,220 तक पहुंच गयी। राज्य में पिछले 24 घंटे में इस बीमारी से प्रदेश में 23 और व्यक्तियों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 4,136 हो गयी है। यह जानकारी मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने दी है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में शुक्रवार को कोविड-19 के 887 नये मामले इंदौर में आये, जबकि भोपाल में 686 नये मामले आये। अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में कुल 3,27,220 संक्रमितों में से अब तक 2,92,598 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गये हैं और 30,486 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को 2,433 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 

बता दें कि महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, और राजस्थान में कोविड-19 के रोजाना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और देश में सामने आए संक्रमण के नए मामलों में से 83.29 प्रतिशत मामले इन 10 राज्यों में हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में रोज के मामलों का बढ़ना जारी है। देश में कुल 1,31,968 नये मामले दर्ज किए गए जो अब तक एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं। महाराष्ट्र में सर्वाधिक नये मामले सामने आए। 

मंत्रालय ने कहा कि भारत में 9,79,608 लोग अब भी कोरोना से संक्रमित हैं और यह देश में संक्रमण के कुल मामलों का 7.50 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कुल संक्रमित मरीजों में 69,289 मरीज बढ़े हैं। मंत्रालय ने कहा कि देश में संक्रमित कुल मरीजों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और केरल के 73.24 प्रतिशत मरीज शामिल हैं। अकेले महाराष्ट्र में संक्रमण के कुल मामलों के 53.84 प्रतिशत मामले हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 61,899 लोगों के इस बीमारी से स्वस्थ होने के बाद अब तक 1,19,13,292 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं इसी अवधि के दौरान 780 और लोगों की मौत भी हुई। 

मंत्रालय ने कहा कि मौत के नये मामलों में 92.82 फीसदी मौत भी 10 राज्यों में हुई हैं। महाराष्ट्र में सर्वाधिक 376 लोगों की मौत हुई जबकि छत्तीसगढ़ में 94 लोगों ने दम तोड़ दिया। मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 12 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में एक भी मौत नहीं हुई। इनमें राजस्थान, असम, लद्दाख, दमन एवं दीव तथा दादरा एवं नगर हवेली, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, मणिपुर, लक्षद्वीप, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह तथा अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं। देश में कुल 9.43 करोड़ कोविड-19 रोधी टीके दिए जा चुके हैं। 

सुबह सात बजे तक की अनंतिम रिपोर्ट के मुताबिक 14,28,500 सत्रों के माध्यम से 9,43,34,262 टीके दिए जा चुके हैं। इनमें 89,74,511 स्वास्थ्य कर्मी हैं जिन्हें पहली खुराक और 54,49,151 स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी खुराक दी जा चुकी है जबकि अग्रिम मोर्चे के 98,10,164 कर्मियों को भी टीके की पहली खुराक और 45,43,954 को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक उम्र के 3,75,68,033 लाभार्थियों को पहली और 13,61,367 लाभार्थियों को दूसरी खुराक दी गई। 

वहीं 45 से 60 वर्ष के लाभार्थियों को क्रमश: 2,61,03,814 और 5,23,268 पहली और दूसरी खुराक दी गई। मंत्रालय ने बताया कि अब तक देश में दी गई कुल खुराकों में से 60 प्रतिशत टीके आठ राज्यों में दिए गए। पिछले 24 घंटे के दौरान 36 लाख टीके दिए गए। मंत्रालय ने कहा, “दुनिया भर में रोजाना दी जाने वाली टीकों की खुराकों के लिहाज से भारत प्रतिदिन औसतन 37,94,328 खुराकों के साथ नंबर एक स्थान पर है।”

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।