1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. कर्नल सोफिया पर विवादित बयान देने वाले विजय शाह ने अब लाडली बहनों को धमकाया, कहा- कार्यक्रम में नहीं आएं तो आधार लिंक चेक करो

कर्नल सोफिया पर विवादित बयान देने वाले विजय शाह ने अब लाडली बहनों को धमकाया, कहा- कार्यक्रम में नहीं आएं तो आधार लिंक चेक करो

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 14, 2025 02:27 pm IST,  Updated : Dec 14, 2025 02:29 pm IST

मंत्री विजय शाह ने इससे पहले कर्नल सोफिया को लेकर विवादित बयान दिया था। बवाल होने पर उन्होंने माफी मांग ली थी। अब उन्होंने कहा है कि सीएम के कार्यक्रम में बहने नहीं आईं तो उनका आधार लिंक चेक किया जाएगा।

Vijay Shah- India TV Hindi
मीटिंग के दौरान मंत्री विजय शाह Image Source : REPORTER INPUT

कर्नल सोफिया पर विवादित बयान देने वाले मंत्री विजय शाह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस बार उन्होंने लाडली बहनों को धमकी दी है। मध्य प्रदेश में मोहन यादव की सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लाडली बहनों का सम्मान कार्यक्रम होना है। इसे लेकर प्रभारी मंत्री कुंवर विजय शाह ने विवादित बयान दिया है। रतलाम कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शनिवार को आयोजित सभा के दौरान उन्होंने धमकी भरे अंदाज में लाडली बहनों का आधार लिंक चेक करने की बात कही।

जिला विकास सलाहकार समिति की पहली बैठक के दौरान मंत्री शाह ने लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं की संख्या को लेकर अधिकारियों से चर्चा की और इसी दौरान उनका बयान विवाद का विषय बन गया। बैठक में मंत्री विजय शाह ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से जिले में लाड़ली बहनों की कुल संख्या पूछी। इसके बाद कहा, "अगर हम मुख्यमंत्री जी को सम्मानित करना चाहें लाडली बहना कार्यक्रम में तो कितनी महिलाएं आ सकती हैं। ढाई लाख में से 50 हजार आ जायेंगी" इस पर कार्यक्रम में बैठे अधिकारियों ने कहा "40 से 50 हजार तक आ जाएंगी"

क्या है विवादित बयान?

मंत्री जी ने धमकी भरे अंदाज में कहा, "इतनी आ जाएंगी मेरे सामने एक प्लान करो जब 1500 के हिसाब से हम लोग करोड़ों रुपए दे रहे हैं। मुख्यमंत्री के 2 साल हो गए बहन अपने भाई का सम्मान तो करें सब, ढाई लाख में से 50000 क्यों आएं,देखो जरा। जो आएंगे उनके ढाई सौ बढ़ा देंगे नहीं तो फिर देखते हैं जो सरकार गरीब बहनों के जीवन में खुशहाली ला रही है तो उसको 2 साल में एक बार थैंक यू तो बोलना चाहिए। नहीं तो फिर जिनको ढाई-ढाई सौ रुपए बढ़ रहे हैं। वह कौन अधिकारी है, फिर जांच के बाद ही देखेंगे किसी को आधार में वह लिंक नहीं है जांच थोड़ी पेंडिंग कर देंगे" मतलब वह पेंडिंग हो ही जाएगी फिर सब आएंगे हम किसी को परेशान भी नहीं करना चाहते हैं।"

विपक्ष ने साधा निशाना

मंत्री के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। विपक्ष ने इसे सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों पर अप्रत्यक्ष दबाव और प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग से जोड़ते हुए सवाल खड़े किए हैं। वहीं, कुछ संगठनों ने इसे महिलाओं के सम्मान से जुड़ी योजना को राजनीतिक कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास बताया है।

जीतू पटवारी ने मांगा इस्तीफा

विजय शाह के लाडली बहनाओं पर दिए गए बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर हमला किया है उन्होंने लिखा, "जिन लाड़ली बहनों का भाजपा को सम्मान करना चाहिए, वहां उन्हें भाजपा के लाड़ले मंत्री अपमानित कर रहे हैं। पहले देश की गौरव कर्नल सोफिया कुरैशी पर ओछी टिप्पणी और अब प्रदेश की माता बहनों को धमकी, यह भाजपा की कुंठित और महिला विरोधी मानसिकता का साफ प्रमाण है। मुख्यमंत्री जी की चुप्पी इस पूरे अपमान पर मुहर लगाने जैसा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, क्या आपकी पार्टी में महिला अपमान ही आगे बढ़ने का रास्ता बन चुका है। जो मंत्री पहले देश की सेना और अब प्रदेश की करोड़ों बहनों का अपमान कर रहे हैं, उन्हें सरकार में बने रहने का कोई अधिकार नहीं। भाजपा में यदि थोड़ी सी भी शर्म और नैतिकता बची है, तो तुरंत इनका इस्तीफा लिया जाए।"

विवादों से पुराना नाता

गौरतलब है कि मंत्री विजय शाह इससे पहले भी विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई उनकी टिप्पणी पर भी राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर कड़ी आपत्ति जताई गई थी। फिलहाल, मंत्री विजय शाह का यह बयान प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बहस का मुद्दा बन गया है और लाड़ली बहना योजना को लेकर नए सिरे से चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

यह भी पढ़ें-

भोपाल: युवक पर तलवार से हमले का वीडियो आया सामने, पीड़ित को लगे 40-50 टांके, पत्नी ने चार आरोपियों के नाम बताए

SIR फॉर्म भरने के लिए इंदौर आया हिस्ट्रीशीटर, पुलिस ने धर दबोचा, 100 ज्यादा मामलों में है आरोपी

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।