1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. कौन हैं जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला? जिन्हें बनाया गया एमपी का डिप्टी सीएम

कौन हैं जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला? जिन्हें बनाया गया एमपी का डिप्टी सीएम

 Edited By: Amar Deep
 Published : Dec 11, 2023 05:24 pm IST,  Updated : Dec 11, 2023 07:21 pm IST

मध्यप्रदेश में इस बार दो उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। इसके लिए जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला के नामों का ऐलान किया गया है।

एमपी में बनाए गए दो उप मुख्यमंत्री।- India TV Hindi
एमपी में बनाए गए दो उप मुख्यमंत्री। Image Source : ANI

भोपाल: मध्य प्रदेश में नए सीएम के नाम के ऐलान के साथ ही दो डिप्टी सीएम के नामों का ऐलान भी कर दिया गया है। मध्यप्रदेश में दो डिप्टी सीएम होंगे। इसमें जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला का नाम फाइनल हो गया है। यहां हम मध्यप्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों के बारे में पूरी जानकारी देंगे। दरअसल, दोनों ही नेता अपने-अपने क्षेत्र के कद्दावर राजनीतिज्ञ हैं। एक तरफ जहां जगदीश देवड़ा लगातार छह बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं तो वहीं राजेंद्र शुक्ला भी पांच बार के कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

राजनीति में लम्बा अनुभव रखते हैं जगदीश देवड़ा

बता दें कि जगदीश देवड़ा मल्हारगढ़ विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह छह बार से वह लगातार विधानसभा चुनाव जीत रहे हैं। जगदीश देवड़ा स्वर्गीय गेंदालाल जी देवड़ा के पुत्र हैं। मंदसौर निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत मतदाता के रूप में भाग संख्या 56 में 1104 वां स्थान रखते हैं। जगदीश देवड़ा ने अर्थशास्त्र में मास्टर ऑफ आर्ट्स (एम.ए.) पूरा किया है। इसके साथ ही उन्होंने विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन से 1979 में पढ़ाई पूरी की। भाजपा नेता जगदीश देवड़ा के पास राजनीति का अच्छा खासा अनुभव रहा है। एमपी मल्हारगढ़ सीट से उन्होंने जीत दर्ज की है। उनकी अहम राजनीतिक यात्रा और राजनीतिक समझ की वजह से आज उन्हें मध्यप्रदेश की सरकार में यह अहम जिम्मेदारी दी गई है।

जगदीश देवड़ा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी-

  • साल 2008 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी के श्यामलाल जोकचंद को 3688 वोट से हराया था। 
  • साल 2013 में दोबारा कांग्रेस पार्टी के ही श्यामलाल जोकचंद को 6571 वोट से हराकर अपनी सीट को जारी रखा।
  • साल 2018 में कांग्रेस के प्रत्याशी परशुराम सिसोदिया को 11872 वोटों से हराया।
  • इस बार 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने निर्दल प्रत्याशी श्यामलाल जोकचंद को 59024 वोट से हराया।
  • साल 2008 से वह लगातार मल्हारगढ़ विधानसभा सीट पर कब्जा बनाए हुए हैं।
  • इससे पहले देवड़ा ने 1990, 1993 और 2003 में सुवासरा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
  • 1990 के विधानसभा चुनाव में देवड़ा ने सुवासरा में कांग्रेस उम्मीदवार पार्वती आर्य को 15,428 वोटों से हराया।
  • 1993 के विधानसभा चुनाव में देवड़ा ने सुवासरा में कांग्रेस उम्मीदवार गिरीश को 5,443 वोटों से हराया।
  • 1998 के विधानसभा चुनाव में  सुवासरा में देवड़ा कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पा भारतीय से 4,098 वोटों से हार गए।
  • 2003 के विधानसभा चुनाव में देवड़ा ने सुवासरा में कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पा भारतीय को 35,636 वोटों से हराया।

विंध्य के कद्दावर नेता हैं राजेंद्र शुक्ला

एमपी के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला रीवा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। वहीं राजेंद्र शुक्ला को विंध्य क्षेत्र के कद्दावर नेता के तौर पर देखा जाता रहा है। राजेंद्र शुक्ला ने साल 2003 में पहली बार बीजेपी के टिकट पर रीवा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें जीत हासिल हुई। इसके बाद से शुक्ला ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। राजेंद्र शुक्ला ने सभी चुनावों में लगातार जीत दर्ज की है। इस बार लगातार पांचवीं बार उन्होंने रीवा विधानसभा सीट से चुनाव जीता में जीत दर्ज की है। इससे पहले राजेंद्र शुक्ला, उमा भारती की सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। राजेंद्र शुक्ला को 2003, 2008, 2013 और 2023 में मंत्री बनाया जा चुका है।

राजेंद्र शुक्ला से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी-

  • राजेंद्र शुक्ला ने 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र शर्मा को 21,339 वोटों के अंतर से हराया।
  • उन्होंने 1998 के ​​विधानसभा चुनाव से राजनीति शुरुआत की, लेकिन वह कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पराज सिंह से 1,394 वोटों से हार गए।
  • राजेंद्र शुक्ला ने 2003 में रीवा से बसपा के उम्मीदवार लेखन सिंह पटेल को 56,208 वोटों के अंतर से हराया था।
  • शुक्ला ने 2008 में बसपा के उम्मीदवार डॉ. अब्दुल मुजीब खान एडवोकेट को 26,110 वोटों के अंतर से हराकर रीवा सीट पर जीत बरकरार रखी।
  • शुक्ला ने 2013 के विधानसभा चुनाव में रीवा से बसपा के उम्मीदवार कृष्ण कुमार गुप्ता (केके) को 37,546 वोटों से हराया।
  • साल 2018 के विधानसभा चुनाव में शुक्ला ने कांग्रेस उम्मीदवार अभय मिश्रा को 18,089 वोटों के अंतर से हराया।

यह भी पढ़ें-  

मध्य प्रदेश का CM बनने के बाद पहली बार क्या बोले मोहन यादव? सामने आया VIDEO

कौन हैं मोहन यादव? जिन्हें मध्य प्रदेश का सीएम बनाकर भाजपा ने सभी को चौंकाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।