1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. कर्ज में डूबे प्रेमी ने की अपनी प्रेमिका की हत्या, 7 माह के बच्चे को भी पैसे के लिए बेचा

कर्ज में डूबे प्रेमी ने की अपनी प्रेमिका की हत्या, 7 माह के बच्चे को भी पैसे के लिए बेचा

 Edited By: Adarsh Pandey
 Published : Aug 22, 2025 11:40 pm IST,  Updated : Aug 22, 2025 11:40 pm IST

गोंदिया जिले से हत्या का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानने के बाद आपका भी खून खौल जाएगा। एक शख्स ने पहले तो अपनी प्रेमिका की हत्या की और उसके बाद उसके मासूम बच्चे को भी बेच दिया।

पुलिस ने महिला की हत्या करने वाले आरोपी को पकड़ा- India TV Hindi
पुलिस ने महिला की हत्या करने वाले आरोपी को पकड़ा Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र राज्य के गोंदिया जिले में कत्ल की एक ऐसी वारदात हुई है जो न केवल अपराध जगत की क्रूरता को उजागर करती है, बल्कि इंसानियत को भी शर्मसार कर देती है। दरअसल आर्थिक तंगी और लालच की वजह से एक प्रेमी इतना निर्दयी हो गया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी और उसके 7 महीने के मासूम बच्चे को भी बेच दिया। आइए आपको पूरा मामला विस्तार से बताते हैं।

आखिर क्या है यह पूरा मामला?

इसी महीने यानी अगस्त की तारीख को गोंदिया जिले के डुग्गीपार थाना अंतर्गत आने वाले गांव खजरी के खेत में एक अज्ञात युवती की खून से लथपथ लाश मिली। किसी धारदार हथियार से उस युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। शव मिलने के बाद पुलिस ने डुग्गीपार थाने में मामला दर्ज किया। इसके बाद लोकल क्राइम ब्रांच पुलिस टीम ने स्पेशल टीम बनाया और मामले की जांच शुरू कर दी। इस मामले में लगातार 18 दिनों तक गहरी जांच करने के बाद, गुप्त सूत्रों और ठोस जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतका का नाम अन्नु नरेश ठाकुर है। उसकी उम्र 21 वर्ष थी जो छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई की रहने वाली थी।

इस मामले में आगे की छानबीन में यह पता चला कि उसकी हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि अन्नु का प्रेमी है जिसका नाम अभिषेक सिद्धार्थ तुरकर है। उसकी उम्र 36 वर्ष है और वो भिलाई का ही रहने वाला था मगर अभी वो गोंदिया जिले में रह रहा है।

पुलिस के सामने आरोपी ने क्या कहा?

इतनी लंबी जांच और इतना कुछ पता करने के बाद पुलिस ने 22 अगस्त को अभिषेक को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। पूछताछ में उसने बताया कि मृतका के साथ उसके अवैध संबंध थे। वह यानी आरोपी कर्ज में डूबा हुआ था और पैसों की सख्त जरूरत थी। इसी वजह से उसने अपनी पत्नी पुनम, बहन चांदनी और रिश्तेदार प्रिया तुरकर के साथ मिलकर अन्नु की हत्या की साजिश रची। आरोपी ने बताया कि उसने 2 अगस्त को मृतका को मोटरसाइकिल से खजरी खेत लाकर बेरहमी से चाकू से वार कर उसे मार डाला।

7 माह के मासूम को बेच डाला

आरोपी ने अन्नु की हत्या करने के बाद उसके 7 माह के बेटे धनराज का नकली जन्म प्रमाणपत्र बनवाया और उसे पैसों के लिए बेच दिया। उस मासूम बच्चे को गोंदिया के 4 लोगों के हाथों बेचा गया जिनकी पहचान सुरेखा रमेश चौहान (गड्डाटोली-गोंदिया), प्रीति विकास कडबे (कचरा मोहल्ला, गोंदिया), भावेश अशोक बन्सोड (रामनगर गोंदिया), कमल यादव (गड्डाटोली-गोंदिया) के तौर पर हुई है‌।

पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया

इस मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी के साथ कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों में अभिषेक सिद्धार्थ तुरकर, पुनम तुरकर, प्रिया तुरकर, सुरेखा रमेश चौहान, प्रीति कडबे, भावेश अशोक बन्सोड, कमल यादव हैं। सभी आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए डुग्गीपार थाने को सौंप दिया गया है।

(गोंदिया से रवि आर्य की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें-

81 साल की महिला से 7.8 करोड़ रुपए की ठगी, पुलिस ने बिना शिकायत ही कर दी बड़ी कार्रवाई

गढ़चिरौली में तेजस्वी यादव के खिलाफ FIR दर्ज, पीएम मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने का है आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।