1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ऑडी कार ने नागपुर में कई वाहनों को मारी टक्कर, भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले के बेटे की है गाड़ी

ऑडी कार ने नागपुर में कई वाहनों को मारी टक्कर, भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले के बेटे की है गाड़ी

 Reported By: Yogendra Tiwari Edited By: Shakti Singh
 Published : Sep 09, 2024 11:50 pm IST,  Updated : Sep 10, 2024 12:19 pm IST

महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख बावनकुले ने घटना के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए स्वीकार किया कि ऑडी कार उनके बेटे संकेत के नाम पर पंजीकृत है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, “पुलिस को बिना किसी पक्षपात के दुर्घटना की गहन और निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।"

चंद्रशेखर बावनकुले के बेटे की गाड़ी ने कई को मारी टक्कर।- India TV Hindi
चंद्रशेखर बावनकुले के बेटे की गाड़ी ने कई को मारी टक्कर। Image Source : INDIA TV

महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले के बेटे संकेत की लग्जरी कार ने नागपुर के रामदासपेठ इलाके में कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। सीताबल्डी थाने के अधिकारी के अनुसार, ऑडी कार ने पहले शिकायतकर्ता जितेंद्र सोनकांबले की कार को रविवार देर रात एक बजे टक्कर मारी और फिर एक मोपेड को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो युवक घायल हो गए। 

पुलिस अधिकारी ने बताया “ऑडी कार ने मनकापुर इलाके की ओर जा रहे कुछ और वाहनों को टक्कर मारी। वहां टी-पॉइंट पर वाहन ने एक पोलो कार को टक्कर मार दी। इसके सवारों ने ऑडी कार का पीछा किया और मनकापुर पुल के पास उसे रोक लिया। कार में सवार संकेत बावनकुले सहित तीन लोग भाग गए।” 

बीयर बार से लौट रहे थे कार सवार

अधिकारी ने कहा, “कार के चालक अर्जुन हावरे और एक अन्य व्यक्ति रोनित चित्तमवार को पोलो कार में सवार लोगों ने रोका। उन्हें तहसील थाने ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे की जांच के लिए सीताबल्डी पुलिस को सौंप दिया गया।" अधिकारी ने बताया कि ऑडी कार में सवार लोग धरमपेठ स्थित एक बीयर बार से लौट रहे थे, तभी यह घटना घटी। हालांकि उन्होंने यह जानकारी नहीं दी कि उनमें से कोई नशे में था या नहीं। 

आरोपियों को मिली जमानत

सीताबल्डी थाने के अधिकारी ने बताया, “सोनकांबले की शिकायत पर लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। हावरे और चित्तमवार को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। आगे की जांच जारी है।” महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख बावनकुले ने घटना के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए स्वीकार किया कि ऑडी कार उनके बेटे संकेत के नाम पर पंजीकृत है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, “पुलिस को बिना किसी पक्षपात के दुर्घटना की गहन और निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। जो लोग दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ मामला चलाया जाना चाहिए और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। मैंने किसी पुलिस अधिकारी से बात नहीं की है। कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।” (इनपुट- पीटीआई भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।