1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पैगंबर और कलाम पाक पर दिया था विवादित बयान, यति नरसिंहानंद पर हुई FIR दर्ज

पैगंबर और कलाम पाक पर दिया था विवादित बयान, यति नरसिंहानंद पर हुई FIR दर्ज

 Published : Oct 19, 2023 12:30 pm IST,  Updated : Oct 19, 2023 12:30 pm IST

यति नरसिंहानंद सरस्वती ने हाल ही में पैगंबर मोहम्मद साहब और कलाम पाक पर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके खिलाफ मुंब्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। मुंब्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने कई मुस्लिम संगठनों के लोग और राजनेता पहुंचे थे।

Yeti Narasimhanand- India TV Hindi
यति नरसिंहानंद गिरि महाराज पर हुई FIR दर्ज Image Source : FILE PHOTO

ठाणे के मुंब्रा पुलिस स्टेशन में यति नरसिंहानंद सरस्वती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दरअसल, यति नरसिंहानंद सरस्वती ने पैगंबर मोहम्मद साहब और कलाम पाक पर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके खिलाफ मुंब्रा पुलिस स्टेशन में शहर के उल्मा इकराम और कुछ राजनीतिक पार्टी से जुड़े लोग पहुंचे और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। बता दें कि यति नरसिंहानंद गिरि महाराज शिवशक्ति धाम डासना के पीठाधीश्वर व श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर हैं। 

यति नरसिंहानंद के खिलाफ गंभीर धाराओं मामला दर्ज

जब इस मामले पर शिकायत आई तो मुम्ब्रा पुलिस स्टेशन के सीनियर पीआई एन.बी.कोल्हटकर ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात करने के बाद मोहम्मद साद कासमी की शिकायत पर यति नरसिंहानंद सरस्वती के खिलाफ 153-A, 295-A, 505-2, आई.टी एक्ट 67 के तहत मामला दर्ज कर लिया। यति नरसिंहानंद द्वारा पहली बार पैगंबर साहब की गुस्ताखी में अभद्र टिप्पणी नहीं की गई है, बल्कि इसके अलावा भी कई मर्तबा यदि नरसिंहानंद द्वारा  अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया है।

शिकायतकर्ता ने क्या कहा?
इस मामले में शिकायतकर्ता मोहम्मद साद कासमी ने बताया कि यति नरसिंहानंद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला है। कुछ दिन से सोशल मीडिया पर उनके विवादित बयान पैगंबर साहब को लेकर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। यति नरसिंहानंद हमेशा से ही मुसलमानों के खिलाफ, पैगंबर साहब के खिलाफ और मुस्लिम समाज में घृणा निर्माण करने के लिए हमेशा विवादित बयानों का इस्तेमाल करते हैं।

मुस्लिम संगठनों के साथ पहुंचे थे कई राजनेता
अधिवक्ता जज़ील नवरंगे ने कहा कि मुंब्रा पुलिस स्टेशन में यति नरसिंहानंद द्वारा पैगंबर साहब पर दिए हुए विवादित बयान को लेकर एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस स्टेशन में जमावड़ा लग गया था। इस दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पूर्व पार्षद शानू पठान, AIMIM के सैफ पठान, मुंब्रा के तमाम मुस्लिम संगठन भी इस दौरान यति नरसिंहानंद पर केस दर्ज कराने के लिए मौजूद थे, लेकिन टेक्निकल दिक्कत हो रही थी क्योंकि यति नरसिंहानंद ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पैगंबर साहब के खिलाफ विवादित बयान दिया था। लेकिन आला अधिकारियों से बातचीत के बाद मुंब्रा पुलिस स्टेशन में यति नरसिंहानंद पर FIR दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच मुंब्रा पुलिस द्वारा की जा रही है।

(रिपोर्ट- रिजवान शेख)

ये भी पढ़ें-

आगरा कमिश्नरेट ने शूरू किया मिशन शक्ति डिकॉय ऑपरेशन, सीएम योगी ने चौथे चरण का किया आगाज

सिर्फ 4 दिन के नवजात ने 6 बच्चों को दे दी नई जिंदगी, भारत का यह पहला मामला

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।