1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में IMD ने जारी किया बारिश का 'रेड' अलर्ट, कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद, सड़कों पर भरा पानी

मुंबई में IMD ने जारी किया बारिश का 'रेड' अलर्ट, कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद, सड़कों पर भरा पानी

 Published : Sep 26, 2024 07:19 am IST,  Updated : Sep 26, 2024 07:28 am IST

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश की वजह से बुधवार को लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है और गुरुवार के लिए मौसम विभाग ने बरसात का रेड अलर्ट जारी किया है।

IMD Alert, IMD Red Alert, IMD Red Alert Mumbai, IMD Weather Forecast- India TV Hindi
भारी बारिश की वजह से बुधवार को स्कूली बच्चों को भी काफी दिक्कत हुई। Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत सूबे के कई इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, देर रात से हो रही बारिश की वजह से जगह-जगह पानी भर गया है। मौसम विभाग ने आज मुंबई समेत कई हिस्सों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है जबकि ठाणे और नासिक में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। बरसात के चलते हो रही परेशानी को देखते हुए आज मुंबई, पुणे और पिंपरी-चिंचवड के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से जरूरी होने पर ही घरों से निकलने की अपील की है।

कई इलाकों में लोगों के घरों में घुसा पानी

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की हालत बारिश की वजह से काफी खराब है। मयानगरी कही जाने वाली मुंबई भारी बारिश की वजह से ‘जलनगरी’ में तब्दील हो चुकी है। सड़कों पर जलजमाव होने के चलते ट्रैफिक पर भी ब्रेक लग गया है और लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है। कई इलाकों से गलियों और घरों तक में पानी भरने की खबर सामने आई है। लोगों को घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित जगहों पर ले जाने को मजबूर होना पड़ा है। कुर्ला ईस्ट से लेकर गोरेगांव तक कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति काफी गंभीर नजर आई है।

मुंबई में बुधवार को हुई थी भारी बारिश

अंधेरी से लेकर आंबोली और गोरेगांव से लेकर घाटकोपर तक बुधवार को हर जगह पानी ही पानी नजर आ रहा था, हालांकि गुरुवार को हालात में थोड़ा सुधार हुआ है। बुधवार को जलभराव की वजह से लोगों को अपने घर पहुंचने में भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आज मुंबई में भारी बारिश का 'रेड' अलर्ट जारी किया है और गरज एवं बिजली के साथ भारी बारिश की संभाना जताई है। बुधवार को जलजमाव की वजह से लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर भी कुछ देर के लिए असर पड़ा था। मुंबई पुलिस ने लोगों से अपने घरों में ही रहने की अपील की है और जरूरी काम से ही बाहर निकलने की हिदायत दी है। 

खुले नाले में गिरने से महिला की मौत

मुंबई पुलिस ने नागरिकों से इमरजेंसी की स्थिति में 100 नंबर डायल करने को कहा है। मुंबई में हो रही भारी बारिश की वजह से मुलुंड और उसके आसपास के निचले इलाके बुधवार को जलमग्न हो गए थे। ट्रेन की पटरियों पर भी पानी भर गया था जिसके बाद मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की कि वे पटरियों पर जाने से बचें। मुंबई में मूसलाधार बारिश के कारण मुंब्रा बाईपास रोड पर भूस्खलन की भी खबर सामने आई है। इस बीच अंधेरी के MIDC इलाके में एक 45 वर्षीय महिला विमल गायकवाड़ एक खुले नाले में गिर गईं। उन्हें मुंबई फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू करके कूपर अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।