1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र चुनाव: PM मोदी ने चेताया, फिर भी BJP की लिस्ट में प्रभावशाली नेताओं के रिश्तेदारों की बल्ले-बल्ले

महाराष्ट्र चुनाव: PM मोदी ने चेताया, फिर भी BJP की लिस्ट में प्रभावशाली नेताओं के रिश्तेदारों की बल्ले-बल्ले

 Published : Oct 21, 2024 12:37 pm IST,  Updated : Oct 21, 2024 01:45 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिर से परिवारवादी राजनीति को लेकर देश को आगाह किया है लेकिन उनकी इस हिदायत का असर बीजेपी पर पड़ता नहीं नजर आया।

pm modi devendra fadnavis- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देवेंद्र फडणवीस Image Source : FILE PHOTO

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 99 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में 71 विधायकों को बरकरार रखने तथा कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में प्रभावशाली नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट देने का भाजपा का कदम इस पश्चिमी राज्य में आम चुनाव में खराब प्रदर्शन के मद्देनजर जोखिम से बचने की उसकी पहल को दर्शाता है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस से भाजपा में आये अशोक चव्हाण की बेटी श्रीजया चव्हाण 20 नवंबर के चुनाव के लिए भाजपा द्वारा चुने गए क्षेत्रीय क्षत्रपों के रिश्तेदारों में से एक हैं। अशोक चव्हाण लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए थे। कानून की डिग्री हासिल कर चुकीं श्रीजया नांदेड़ जिले में अपने पिता के गृह क्षेत्र भोकर से चुनावी शुरुआत करेंगी।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिर से परिवारवादी राजनीति को लेकर देश को आगाह किया है। उन्होंने रविवार (20 अक्टूबर, 2024) को चेताते हुए कहा कि यह भारत के लिए बहुत बड़ा खतरा है। हालांकि उनकी इस हिदायत का असर बीजेपी पर पड़ता नहीं नजर आया।

महाराष्ट्र में इन्हें मिले टिकट-

  1. भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और कोंकण के कद्दावर नेता नारायण राणे के बेटे नितेश राणे को सिंधुदुर्ग जिले की कंकावली सीट से दोबारा उम्मीदवार बनाया है।
  2. टिकट पाने वाले एक और राजनीतिक खानदानी नेता अमल महादिक हैं, जो भाजपा के राज्यसभा सदस्य धनंजय महादिक के छोटे भाई हैं। वह 2014 में जीती गई कोल्हापुर दक्षिण विधानसभा सीट को फिर से हासिल करने की कोशिश करेंगे।
  3. भाजपा ने जालना जिले के भोकरदन निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के पुत्र संतोष दानवे की उम्मीदवारी पर भी मुहर लगायी है।
  4. भाजपा के पूर्व मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवाजीराव पाटिल निलंगेकर के पोते संभाजी पाटिल निलंगेकर को लातूर जिले के निलंगा निर्वाचन क्षेत्र से फिर चुनाव मैदान में उतारा गया है।
  5. प्रमुख राजनेताओं से संबंधित अन्य उम्मीदवारों में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के करीबी वरिष्ठ राजनेता पद्मसिंह पाटिल के बेटे राणा जगजीतसिंह पाटिल शामिल हैं। राणा की पत्नी अर्चना पाटिल ने राकांपा प्रत्याशी के रूप में धाराशिव लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
  6. पुणे में शिवाजीनगर निर्वाचन क्षेत्र से सिद्धार्थ शिरोले को फिर से टिकट दिया गया है। वह पूर्व भाजपा सांसद अनिल शिरोले के बेटे हैं।
  7. चिंचवाड़ सीट पर मौजूदा विधायक अश्विनी जगताप की जगह उनके साले शंकर जगताप को टिकट दिया गया है।
  8. मुंबई में भाजपा ने अपनी नगर इकाई के प्रमुख आशीष शेलार को तीसरी बार बांद्रा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है, जबकि उनके भाई विनोद शेलार मलाड पश्चिम सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। विनोद का मुकाबला मौजूदा कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री असलम शेख से हो सकता है, अगर उन्हें फिर से टिकट दिया जाता है।

पहली लिस्ट में 71 विधायकों को रखा बरकरार

भाजपा ने पहली सूची में 71 विधायकों को बरकरार रखा है, जिनमें उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मंत्री गिरीश महाजन, सुधीर मुनगंतिवार और चंद्रकांत पाटिल जैसे प्रमुख चेहरे शामिल हैं। इस साल लोकसभा चुनाव में, महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवारों का मुकाबला करते हुए कई कारणों से महाराष्ट्र में भाजपा 23 से गिरकर नौ पर सिमट गई।

20 नवंबर को वोटिंग

भाजपा ने 2019 में तत्कालीन सहयोगी शिवसेना (अविभाजित) के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था और उसने 164 सीट पर उम्मीदवार उतारे थे। भाजपा को तब 105 सीट हासिल हुई थी। इस बार राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 नवंबर को चुनाव होंगे। भाजपा राज्य में लगभग 150 सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है। वह अपने सहयोगियों मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के साथ कड़ी सौदेबाजी में लगी हुई है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

सीट शेयरिंग से पहले उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका, इस नेता ने पार्टी से दिया इस्तीफा, अजित पवार की NCP को किया ज्वाइन

महाराष्ट्र: उद्धव ठाकरे को झटका, पार्टी प्रवक्ता किशोर कान्हेरे ने छोड़ा साथ, दिल्ली में कांग्रेस ज्वाइन की

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।