1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे के PA की पत्नी ने की आत्महत्या, 10 महीने पहले हुई थी शादी, जांच शुरू

महाराष्ट्र: पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे के PA की पत्नी ने की आत्महत्या, 10 महीने पहले हुई थी शादी, जांच शुरू

 Reported By: Sachin Chaudhary, Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Nov 23, 2025 12:31 pm IST,  Updated : Nov 23, 2025 12:56 pm IST

महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री और बीजेपी नेता पंकजा मुंडे के PA से जुड़ी बड़ी खबर है। पीए की पत्नी ने सुसाइड कर ली है और पत्नी के परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Pankaja Munde- India TV Hindi
पंकजा मुंडे के पीए की शादी की तस्वीर Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई: महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री और बीजेपी नेता पंकजा मुंडे के PA की पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। बीती रात ये चौंकाने वाली घटना सामने आई है। महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता पंकजा मुंडे के निजी सहायक (पीए) अनंत गर्जे की पत्नी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है।

क्या है पूरा मामला?

घटना वर्ली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां की पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक महिला की पहचान डॉ गौरी अनंत गर्जे के रूप में हुई है। डॉ गौरी के परिजनों का आरोप है कि अनंत गर्जे का किसी बाहरी महिला से कथित अफेयर था, जिसके चलते गौरी मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को बयान भी दिया है। वर्ली पुलिस ने संदिग्ध हालात में मौत का मामला दर्ज कर दिया है और आगे की जांच जारी है।

घर पर लगाई फांसी

डॉक्टर गौरी पालवे ने वर्ली स्थित अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। कुछ ही महीने पहले विवाह हुआ था लेकिन गौरी ने शनिवार शाम 7 बजे यह कदम उठाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह आत्महत्या पारिवारिक विवाद के चलते हुई है। साथ ही गौरी पालवे के मायकेवालों ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों द्वारा परेशान किए जाने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। इस घटना के बाद पंकजा मुंडे ने बीड में होने वाले अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वर्ली पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (AD) दर्ज की है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए KEM अस्पताल भेजा गया है।

असली कारण क्या?

अनंत गर्जे और डॉक्टर गौरी पालवे का विवाह 7 फरवरी को बड़े धूमधाम से हुआ था। इस विवाह में पंकजा मुंडे और पूर्व सांसद प्रीतम मुंडे भी उपस्थित थीं। शादी को दस महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि गौरी की आत्महत्या ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। यह भी जानकारी सामने आई है कि अनंत गर्जे के विवाहेतर संबंध होने के कारण गौरी परेशान रहती थीं। इसी तनाव और अवसाद में उन्होंने आत्महत्या की होगी, ऐसा दावा किया जा रहा है। 

गौरी पालवे मुंबई के KEM अस्पताल में कार्यरत थीं। शनिवार रात उन्होंने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद पंकजा मुंडे ने बीड के अपने सभी पूर्व नियोजित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वर्ली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए KEM अस्पताल भेजा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का सच स्पष्ट हो पाएगा, ऐसा कहा जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ भी की जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।