लातूर: महाराष्ट्र के लातूर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक HIV संक्रमित नाबालिग लड़की से रेप की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद लड़की प्रेग्नेंट हो गई और उसका अबॉर्शन भी हो गया। घटना एक नामी संस्थान से सामने आई है। इस घटना में 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
लातूर में एचआईवी संक्रमित एक नाबालिग लड़की के साथ रेप की घटना सामने आई है। यह घटना लातूर जिले के औसा तालुका स्थित एक नामी संस्थान में हुई। इससे हड़कंप मच गया। चौंकाने वाली बात यह है कि रेप के बाद पीड़ित लड़की गर्भवती हो गई और उसका गर्भपात हो गया।
पीड़ित लड़की की शिकायत के आधार पर धाराशिव तालुका के ढोकी पुलिस स्टेशन में 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बताया गया है कि इस संस्थान में कुछ अन्य लड़कियों ने भी अपने साथ दुर्व्यवहार की शिकायत की है।
फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ बाल यौन शोषण समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। ढोकी पुलिस से औसा पुलिस को मामला स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मामले सभी की गिरफ्तारी हुई है। औसा तालुका के जिस प्रतिष्ठित संस्थान से ये खबर सामने आई है, उसे कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं। इस घटना से शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है। फिलहाल, पीड़ित लड़की का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
HIV संक्रमण क्या है?
HIV (Human Immunodeficiency Virus) एक वायरस है जो मानव इम्यून सिस्टम पर हमला करता है, खासकर CD4 कोशिकाओं (T-कोशिकाओं) को, जो शरीर को संक्रमणों से लड़ने में मदद करती हैं। यदि इसका इलाज न किया जाए, तो HIV इम्यून सिस्टम को कमजोर कर सकता है, जिससे AIDS (Acquired Immunodeficiency Syndrome) नामक स्थिति विकसित हो सकती है। AIDS, HIV का अंतिम चरण है, जिसमें शरीर गंभीर संक्रमणों और कुछ कैंसर के प्रति अतिसंवेदनशील हो जाता है। (इनपुट: आसिफ पटेल)