महाराष्ट्र में कथित जमीन घोटाले के मुद्दे पर बीते कई दिनों से बड़ा बवाल देखने को मिल रहा है। अब राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में बड़ा कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अपने सरकार के मंत्री और एकनाथ शिंदे के करीबी संजय शिरसाट पर लगे जमीन घोटाले के आरोपों की जांच के लिए समिति का गठन कर दिया है। आइए जानते हैं पूरा मामला।
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि नवी मुंबई में सिडको की 4,500 करोड़ रुपये की जमीन घोटाला मामले में सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट की जांच की घोषणा दो महीने पहले की गई थी। अब इस मामले की जांच के लिए गुरुवार को कोंकण प्रभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। मंत्री संजय शिरसाट पर विधायक रोहित पवार ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।
समिति में कौन-कौन शामिल होगा?
दरअसल, आगामी 8 दिसंबर को नागपुर में विधानमंडल का शीतकालीन अधिवेशन शुरू हो रहा है। इसी पृष्ठभूमि में यह समिति गठित की गई है। यह जमीन यशवंत बिवलकर से संबंधित है। जांच समिति में ठाणे के मुख्य वन संरक्षक, रायगढ़ के जिलाधिकारी, सिडको के सह-प्रबंध निदेशक, ठाणे व रायगढ़ के मुख्य भूमि और भूमि अभिलेख अधिकारी तथा अलीबाग के उप वन संरक्षक शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र: निकाय चुनाव से पहले BJP-शिंदे गुट में बढ़ी तल्खी! एक-दूसरे के नेताओं को यूं खुलेआम बनाने लगे निशाना