महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक हैरान कर देने वाली घटना देखने को मिली। मुंबई के वर्ली इलाके में फैशन टेक्नोलॉजी की छात्रा स्वप्नाली घेवारी (24) ने वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली । मामले में युवती की मां ने उसके पिता पर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। वर्ली पुलिस स्टेशन में इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पुणे जिले के आंबेगांव की रहने वाली स्वप्नाली नवी मुंबई के एक संस्थान में फैशन टेक्नोलॉजी की पढ़ाई कर रही थी। पिछले चार महीनों से वह वर्ली स्थित एक फ्लैट में अपनी दो सहेलियों के साथ रह रही थी। मृतका की मां स्वाती घेवारी के अनुसार, 1 मई की शाम से ही स्वप्नाली के पिता सुनील घेवारी लगातार उसे फोन कर रहे थे और उसकी मां के बारे में पूछताछ कर रहे थे। परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था और पिता की शराब की आदत के कारण घर का माहौल तनावपूर्ण बना रहता था।
कमरे में फांसी लगाई
बताया जा रहा है, कि रात करीब 8 बजे स्वप्नाली ने अपनी मां से बातचीत में परीक्षा का जिक्र किया था। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच में कहासुनी हुई। देर रात करीब 9 बजे परिवार को सूचना मिली कि स्वप्नाली ने कमरे में फांसी लगा ली है। रूममेट्स ने बताया कि उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नायर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पिता बेटी के चरित्र पर संदेह करता था- मां
मृतका के मामा का दावा है कि घटना वाली रात आरोपी पिता उनके घर पहुंचा था और उसने कहा कि बेटी ने वीडियो कॉल के दौरान उसके सामने आत्महत्या कर ली। वहीं, मां का आरोप है कि पिता बेटी के चरित्र पर संदेह करता था और उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, जिससे परेशान होकर स्वप्नाली ने यह कदम उठाया।