1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. अजित पवार प्लेन हादसे को लेकर भिड़ गईं सुप्रिया और सुनेत्रा, सुले ने कहा- 'हमारा भाई गया और सत्ता का सुख वे भोग रहे'

अजित पवार प्लेन हादसे को लेकर भिड़ गईं सुप्रिया और सुनेत्रा, सुले ने कहा- 'हमारा भाई गया और सत्ता का सुख वे भोग रहे'

 Reported By: Saket Rai,  Written By: Subhash Kumar
 Published : Sep 04, 2026 09:43 am IST,  Updated : Sep 04, 2026 02:22 pm IST

सुप्रिया सुले ने प्लेन क्रैश में अजित पवार के निधन को लेकर एनसीपी पर निशाना साधा था। सुले ने कहा था कि हमारा भाई गया और वे सत्ता का सुख भोग रहे हैं। अब सुनेत्रा पवार ने भी सुप्रिया सुले को जवाब दिया है।

supriya sule sunetra pawar ajit pawar death- India TV Hindi
अजित पवार के निधन के मुद्दे पर विवाद। Image Source : PTI

महाराष्ट्र के दिवंगत नेता अजित पवार के निधन को लेकर उनकी बहन सुप्रिया सुले और पत्नी सुनेत्रा पवार में जुबानी जंग शुरू हो गई है। एनसीपी (SP) की सांसद और कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने अजित पवार के प्लेन क्रैश की जांच को लेकर एनसीपी पर आरोप लगाए थे जिसके बाद राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई थीं। वहीं, अब अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने भी सुप्रिया सुले के आरोपों पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि अजित पवार के निधन के मुद्दे पर राजनीति करना उचित नहीं है।

क्या बोलीं सुप्रिया सुले?

दरअसल, सुप्रिया सुले पीएम मोदी की तस्वीर हटाने को लेकर मनसे नेता अमित ठाकरे के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी को लेकर बात कर रही थीं। इस दौरान सुले ने कहा, ''आप सिर्फ दीवार से एक तस्वीर हटाने के लिए उनके (अमित ठाकरे) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर देते हैं, लेकिन एक बड़ा प्लेन क्रैश हुआ जिसमें राज्य के मौजूदा डिप्टी सीएम की जान चली गई। लेकिन अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। मेरे भाई (अजित पवार) की मौत को लेकर प्राथमिकी दर्ज क्यों नहीं की गई? हमने अपने परिवार के एक प्रमुख सदस्य को खो दिया। एनसीपी राज्य में मौजूदा सरकार का हिस्सा है। क्या उनके 40 विधायकों या 8-9 मंत्रियों में से किसी ने भी कभी मेरे भाई की मौत के मामले में प्राथमिकी या उचित जांच की मांग करते हुए एक शब्द भी कहा है? हमारा भाई चला गया और वे सत्ता का आनंद ले रहे हैं।''

सुनेत्रा पवार ने क्या कहा?

वहीं, अजित पवार की पत्नी और महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पुणे में सुप्रिया सुले के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा- "अजित दादा के निधन से महाराष्ट्र में जो खालीपन पैदा हुआ है, वह बहुत बड़ा है। उनके जाने का सबसे ज्यादा दुख उनकी माता, उनके बच्चों और मुझसे बेहतर कौन जान सकता है। हमें जांच एजेंसी को समय देना चाहिए, उस पर पूरा भरोसा है। इस घटना पर बार-बार राजनीति करना उचित नहीं है।"

कैसे हुआ था अजित पवार का निधन

आपको बता दें कि 28 जनवरी 2026 को बारामती में हुए एक प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की मौत हो गई थी। अजित पवार एक चुनावी सभा में भाग लेने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। हालांकि, बारामती में लैंडिंग के वक्त अजित पवार का प्लेन क्रैश हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हुई थी।

ये भी पढे़ं- 'भाजपा को फर्जी मतदाताओं के आधार पर मिली नगर निगम में सत्ता', अपनी ही सरकार के मंत्री प्रताप सरनाईक ने लगाए आरोप

महाराष्ट्र में एक बार फिर BJP के सामने शिंदे की सेना, 'मुंबई बैंक' चुनाव में आमने-सामने की होगी टक्कर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।