महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को पटना से गिरफ्तार किया है। जांच में इस मामले का बिहार कनेक्शन सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, समस्तीपुर निवासी बिजेंद्र कुमार गुप्ता इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। हालांकि, वह अभी भी फरार है।
इस मामले का एक और मुख्य आरोपी हरियाणा का है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर भिवंडी में छापेमारी की थी, जहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था। उनके पास से प्रश्नपत्रों के कई सेट बरामद हुए, जिनकी जांच करने पर पेपर लीक होने की पुष्टि हुई। इसके बाद 28 जून को होने वाली TET परीक्षा को स्थगित कर दिया गया।
जांच टीम को 6 जुलाई तक का समय
सरकारी वकील एडवोकेट मारिया अंसारी ने बताया कि कोर्ट ने जांच टीम को 6 जुलाई तक का समय दिया है। तब तक महाराष्ट्र के मुख्य आरोपी को भी अदालत में पेश किया जाएगा। इस गंभीर मामले को देखते हुए प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। अधिकारियों के अनुसार, पेपर लीक करने वाले इस संगठित गिरोह के मास्टरमाइंड्स के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत कड़ी कार्रवाई करने का प्रस्ताव दिया गया है।
25 वर्षों से नेटवर्क से जुड़ा है
पुलिस का दावा है कि बिजेंद्र लंबे समय से पेपर लीक गिरोह से जुड़ा है। उसका नाम पहले भी कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्ष 2011 के एक बड़े पेपर लीक मामले में भी वह आरोपी रहा है। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह करीब 25 वर्षों से इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
पेपर लीक के आरोपों के बाद महाराष्ट्र सरकार ने 28 जून को होने वाली TET 2026 परीक्षा स्थगित कर दी थी। इस परीक्षा में करीब छह लाख अभ्यर्थियों को शामिल होना था। राज्यभर में 1,728 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सरकार ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया। फिलहाल, पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें-
महाराष्ट्र में अगले साल से ऑनलाइन होगी TET की परीक्षा, पेपर लीक के बाद अब पुनर्परीक्षा होगी निशुल्क