1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में FDA की बड़ी कार्रवाई, जिमी बॉय समेत 5 बेकरी के लाइसेंस निलंबित, ओवन और फ्रीजर में मिले कॉकरोच

मुंबई में FDA की बड़ी कार्रवाई, जिमी बॉय समेत 5 बेकरी के लाइसेंस निलंबित, ओवन और फ्रीजर में मिले कॉकरोच

 Reported By: Saket Rai Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Jul 25, 2026 12:08 pm IST,  Updated : Jul 25, 2026 12:08 pm IST

मुंबई में 5 बेकरियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया गया है और उनके लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है। एफडीए की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।

bakeries- India TV Hindi
बेकरी में मिले कॉकरोच Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई: मुंबई में अस्वच्छ खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने शहर की पांच बेकरी के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इनमें प्रसिद्ध बिम्बो ब्रिस्टल बेकरी (Bimbo Bristol Bakery) भी शामिल हैं। ब्रिस्टल बेकरी, फोर्ट स्थित लगभग 100 साल पुराने पारसी रेस्टोरेंट जिमी बॉय की सहयोगी इकाई है।

क्या है पूरा मामला?

FDA द्वारा जारी वीडियो में बेकरी के ब्रेड बनाने वाले ओवन और फ्रीजर के अंदर कॉकरोच घूमते हुए दिखाई दिए। FDA के अनुसार, निरीक्षण के दौरान रसोई में कॉकरोच, मक्खियां और अन्य कीड़ों का सक्रिय संक्रमण पाया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि बेकरी में खाद्य पदार्थों के भंडारण और प्रोसेसिंग उपकरणों का तापमान रिकॉर्ड सही तरीके से नहीं रखा जा रहा था। साथ ही, सिविल पेंटिंग का काम चलने के दौरान ही खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी तथा खाद्य संपर्क में आने वाली सतहों और उपकरणों की पर्याप्त सफाई एवं सैनिटाइजेशन नहीं किया गया था।

FDA ने क्या आरोप लगाए?

FDA ने यह भी आरोप लगाया कि खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों के अनिवार्य मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड अधूरे या अनुपलब्ध थे, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है।

जिन अन्य बेकरी के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, वे ये हैं-

  • अनमोल बेकरी एंड स्टोर्स (कोलडोंगरी, अंधेरी पूर्व)
  • न्यू महाराष्ट्र बेकरी एंड स्टोर्स (वाशी नाका, चेंबूर)
  • सबा बेकरी एंड स्टोर्स (आरे रोड, गोरेगांव)
  • उन्नति बेकरी (लक्ष्मण तावड़े रोड, दहिसर)

FDA के बयान के अनुसार, निरीक्षण में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और लाइसेंस संबंधी नियमों के उल्लंघन पाए जाने के बाद इन प्रतिष्ठानों को तत्काल कारोबार बंद करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, FDA ने बिना वैध लाइसेंस के संचालन करने के आरोप में चार अन्य बेकरी को स्टॉप बिजनेस नोटिस भी जारी किए हैं। 

इनमें शामिल हैं-

  • बेंगलुरु अयंगर बेकरी (कालाचौकी)
  • गोल्डन बेकरी (चिराग नगर, घाटकोपर)
  • मिर्जा एंड संस बेकरी ( विक्रोली) 
  • बिग बाइट बेकरी (कांदिवली)

बता दें कि देश में तमाम जगहों पर बेकरी का बिजनेस सामान्य रूप से चलता ही हैं। स्टूडेंट्स और बड़ी उम्र के लोग भी बेकरी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में अगर इस तरह की गंदगी बेकरियों में होगी तो लोग निश्चित तौर पर बीमार पड़ेंगे। 

इससे पहले एक प्रसिद्ध बेकरी के पाव में मरी हुई छिपकली निकली थी, इसका वीडियो भी सामने आया था।

ये भी पढ़ें-

सावधान! तीन साल के बच्चे ने केक के साथ निगल ली धातु की पिन, बेकरी वाले की लापरवाही आई सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।