1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मराठी नहीं बोलने पर 'फूड स्टाल' के मालिक को मारा था थप्पड़, हिरासत में लिया गया मनसे नेता

मराठी नहीं बोलने पर 'फूड स्टाल' के मालिक को मारा था थप्पड़, हिरासत में लिया गया मनसे नेता

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jul 08, 2025 09:47 am IST,  Updated : Jul 08, 2025 09:47 am IST

महाराष्ट्र में हिंदी नहीं बोलने पर बीते दिनों एक फूड स्टॉल मालिक को मनसे के कार्यकर्ताओं ने मारा था। इस मामले में व्यापारियों द्वारा किए जाने वाले विरोध प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने आरोपी मनसे नेता को हिरासत में ले लिया है।

MNS leader arrested for slapping food stall owner for not speaking Marathi- India TV Hindi
अविनाश जाधव को पुलिस ने हिरासत में लिया Image Source : IANS

महाराष्ट्र में इन दिनों हिंदी भाषा बोलने पर बवाल मचा हुआ है। आए दिन महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा हिंदी बोलने वाले लोगों को मारा-पीटा जा रहा है। बीते दिनों मराठी में बात नहीं करने पर एक फूड स्टॉल (भोजन बेचने वाली दुकान) मालिक को मनसे के नेता अविनाश जाधव ने थप्पड़ मारा था। इस घटना के विरोध में व्यापारियों के प्रदर्शन के जवाब में ठाणे में आयोजित की जाने वाली रैली से पहले मनसे के नेता आविनाश जाधव को पुलिस ने सोमवार की देर रात को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र में ठाणे जिले के मीरा भायंदर इलाके में महाराष्ट्र एकीकरण समिति द्वारा मंगलवार को प्रस्तावित रैली के आयोजन की पुलिस ने अनुमति नहीं दी है। 

पुलिस ने मनसे नेता को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मनसे की ठाणे और पालघर इकाई के प्रमुख जाधव के मीरा भायंदर इलाके में प्रवेश पर रोक लगाने के आदेश जारी किए। जाधव रैली में भाग लेने वाले थे। ठाणे पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि जाधव को ठाणे में उनके आवास से देर रात करीब साढ़े तीन बजे हिरासत में ले लिया गया। राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे ने जाधव को हिरासत लिए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित रैली के मद्देनजर मीरा भायंदर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। पुलिस ने इस रैली के आयोजन पर रोक लगा दी है। पिछले सप्ताह भायंदर इलाके में एक ‘फूड स्टॉल’ मालिक को कुछ मनसे कार्यकर्ताओं ने मराठी में बात न करने पर थप्पड़ मार दिया था। 

वायरल हुआ था वीडियो

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो में कुछ हमलावरों को मनसे के चिह्न वाले पटके पहने हुए देखा गया था। पुलिस के एक अधिकारी ने पहले बताया था कि भोजन खरीदते हुए हमलावरों में से एक ने ‘फूड स्टॉल’ के मालिक से मराठी में बात करने को कहा जिस पर उसने आपत्ति जतायी। इससे नाराज होकर आरोपी कार्यकर्ता ‘स्टॉल’ मालिक पर चिल्लाने लगा। उसके साथ कुछ और लोग भी थे और उन्होंने ‘स्टॉल’ मालिक को थप्पड़ मारा। मनसे के सात सदस्यों को बाद में हिरासत में लिया गया और पुलिस द्वारा उन्हें नोटिस दिए जाने के बाद छोड़ दिया गया। उनके खिलाफ दंगा करने, धमकी देने और हमला करने संबंधी भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। 

व्यापारियों ने की थी कार्रवाई की मांग

भायंदर इलाके के व्यापारियों ने ‘फूड स्टॉल’ मालिक पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। मीरा भायंदर-वसई विरार (प्रथम जोन) के पुलिस उपायुक्त प्रकाश गायकवाड़ द्वारा सोमवार को जारी निषेधाज्ञा के अनुसार, जाधव को मंगलवार को रैली में भाग लेने के लिए मीरा भायंदर में प्रवेश करने से रोक दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि जाधव के खिलाफ विभिन्न थानों में संज्ञेय अपराधों के 28 मामले दर्ज किए गए हैं। गायकवाड़ ने आदेश में कहा कि जाधव के भायंदर आने से स्थिति बिगड़ सकती है तथा कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है, इसलिए क्षेत्र में उनके प्रवेश पर एक दिन के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। गौरतलब है कि मनसे के सदस्य राज्य में वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और बैंकों में मराठी भाषा के उपयोग पर जोर देने की कोशिश कर रहे हैं।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।