1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में डॉक्टर ने अटल सेतु से समुद्र में छलांग लगाकर दे दी जान, सुसाइड से पहले घर पर फोन कर कही थी ये बात

मुंबई में डॉक्टर ने अटल सेतु से समुद्र में छलांग लगाकर दे दी जान, सुसाइड से पहले घर पर फोन कर कही थी ये बात

 Published : Jul 09, 2025 06:48 pm IST,  Updated : Jul 09, 2025 06:52 pm IST

मुंबई के जेजे अस्पताल में कार्यरत एक 32 वर्षीय डॉक्टर ने सोमवार देर रात अटल सेतु पुल से कथित तौर पर समुद्र में छलांग लगा दी। घटना की सूचना अटल सेतु नियंत्रण कक्ष को रात 9:43 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने दी, जो संभवतः एक गुज़रते हुए वाहन चालक था। उसने मुंबई लेन पर 11.8 किलोमीटर दूर समुद्र पुल से एक व्यक्ति को कूदते देखा था।

डॉक्टर ओमकार भागवत कवितके- India TV Hindi
डॉक्टर ओमकार भागवत कवितके Image Source : INDIA TV

नवी मुंबई: नवी मुंबई के कलंबोली में रहने वाले और मुंबई के जे.जे. अस्पताल में काम करने वाले डॉक्टर ओमकार भागवत कवितके ने सोमवार रात करीब साढ़े 9 बजे अटल सेतु से कूदकर जान दे दी। पुल पर मिली वस्तुओं के आधार पर डॉक्टर की पहचान की गई है हालांकि कई घंटों तक चली छानबीन के बाद भी डॉक्टर की डेड बॉडी नहीं खोजी जा सकी। पुलिस और समुद्री सुरक्षा विभाग की टीम ध्रुवतारा नाव का उपयोग कर उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मामले की जांच भी शुरू कर दी है। 

राहगीर ने पुलिस को फोन कर दी जानकारी

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9 बजकर 43 मिनट पर अटल सेतु नियंत्रण कक्ष को एक राहगीर ने फोन कर बताया कि मुंबई की तरफ जाने वाली लाइन पर किसी व्यक्ति ने अपनी गाड़ी खड़ी कर समुद्र में छलांग लगा दी है। सूचना के बाद पुलिस की टीम वहां पहुंची तो वहां कार मिली। जिसमें एक आईफोन मिला, मोबाइल फोन से संपर्क करने के बाद डॉक्टर की पहचान हो सकी। उसके बाद पुलिस ने डॉक्टर ओमकार के परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। जानकारी के बाद परिजन पुलिस स्टेशन पहुंचे और उनकी बहन कविता ने गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया। 

डॉक्टर का शव अभी तक नहीं हुआ बरामद

 पुलिस ने बताया कि ओमकार कवितके को मुंबई लाइन पर अपनी गाड़ी खड़ी कर समुद्र में छलांग लगाते हुए वहां से गुजर रहे दूसरे व्यक्ति ने देखा था और उसने पुलिस को सूचना दी। उसी के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की थी लेकिन अब तक डॉक्टर के बारे में कोई खबर नहीं मिल पाई है। इसलिए पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अगर किसी भी व्यक्ति को उनके बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दे ताकि उन्हें खोजने में आसानी हो। 

सुसाइड से पहले परिजनों को किया था फोन

डॉक्टर ने इस तरह का कदम क्यों उठाया इस बारे में अब तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। 32 वर्षीय ओमकार का अब तक विवाह नहीं हुआ था। आत्महत्या से कुछ देर पहले उन्होंने अपने परिवार वालों को फोन कर बताया था कि वह थोड़ी देर में घर पहुंच जाएंगे लेकिन घर जाने की जगह उन्होंने समुद्र में छलांग लगा दी।

रिपोर्ट- पुरुषोत्तम कन्नोजिया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।