1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नागपुर: बीजेपी के कार्यक्रम में श्रमिकों को बांटा जा रहा था सामान, मची भगदड़, एक महिला की मौत

नागपुर: बीजेपी के कार्यक्रम में श्रमिकों को बांटा जा रहा था सामान, मची भगदड़, एक महिला की मौत

 Reported By: Yogendra Tiwari, Edited By: Swayam Prakash
 Published : Mar 09, 2024 04:57 pm IST,  Updated : Mar 09, 2024 04:57 pm IST

नागपुर में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भगदड़ में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गए।

Nagpur Stampede- India TV Hindi
नागपुर में बीजेपी के कार्यक्रम में मची भगदड़ Image Source : INDIA TV

महाराष्ट्र के नागपुर शहर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 50 वर्षीय एक महिला की मौत की खबर है और चार अन्य लोग घायल हो गये। जानकारी मिली है कि मृतक महिला का नाम मनू तुलसीराम राजपूत है। कोतवाली पुलिस थाने के इंस्पेक्टर संतोष पाटिल ने बताया कि रेश्मिबाग इलाके के सुरेश भट सभागृह परिसर में ये घटना हुई है। यहां बीजेपी की नागपुर शहर इकाई द्वारा सरकारी योजना से मजदूर और श्रमिकों को सामान (बर्तन)  बांटने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। 

श्रमिकों को बांटे जा रहे थे बर्तन

सक्करदरा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में श्रमिकों को बर्तन बांटे जाने थे, इसिलिए कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं की भारी भीड़ जमा हुई थी। काफी समय तक कार्यक्रम शुरु नहीं होने से वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी। अधिकारी ने बताया कि भगदड़ में मारी गई मृतक महिला का नाम मनु तुलसीराम राजपूत है, जो भगदड़ के दौरान गिर गईं। इसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृत्यू का प्राथमिक कारण सफोकेशन और हार्ट फेल बताया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गयी है। 

बीजेपी के कार्यकर्ता बता रहे सिस्टम फेल

वहीं इस घटना के बाद बीजेपी के कार्यकर्ता ही सिस्टम फेल होने की वजह से हादसा होने की बात कह रहे हैं। लेकिन महिलाएं कह रही हैं कि हजारों की संख्या में भीड़ को संभालने की कोई व्यवस्था नहीं होने की वजह से यह हादसा हुआ है। यह घटना आज सुबह करीब 10 बेज हुई। पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम में निर्माण श्रमिकों को बर्तन बांटे जा रहे थे और आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि भगदड़ में मनु तुलसीराम राजपूत गिर गयी और उनकी मौत हो गई। चार अन्य महिलाओं को मामूली चोटें आयी हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।