'ऑपरेशन सिंदूर' के सफल संचालन के बाद भारत ने हर मोर्चे पर पाकिस्तान और आतंकवाद पर शिकंजा कसा है। भारत सरकार, 'ऑपरेशन सिंदूर' का मकसद और पाकिस्तान का असल चेहरा दुनिया को बताने के लिए अलग-अलग देशों में 7 सांसदों के नेतृत्व में डेलिगेशन भेज रही है। इनमें शिवसेना-यूबीटी की नेता और राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी का भी नाम शामिल है। इसे लेकर शिवसेना-यूबीटी के नेता संजय राउत ने निशाना साधा है।
दरअसल, डेलिगेशन में प्रियंका चतुर्वेदी को चुने जाने से संजय राउत नाराज हैं। संजय राउत ने नाम लिए बगैर प्रियंका चतुर्वेदी पर निशाना साधा। संजय राउत ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "इंसान और पतंग ज्यादा हवा में उड़े तो समझ लेना कि वह काटने वाला है।"
रविशंकर प्रसाद की अगुवाई वाले डेलिगेशन में शामिल
प्रियंका चतुर्वेदी को बीजेपी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद की अगुवाई वाले डेलिगेशन में शामिल किया गया है। यह डेलिगेशन यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जर्मनी, इटली और डेनमार्क का दौरा करेगा। इस डेलिगेशन में डी पुरंदेश्वरी (बीजेपी), प्रियंका चतुर्वेदी (शिवसेना-यूबीटी), गुलाम अली खटाना (राज्यसभा सदस्य), अमर सिंह (कांग्रेस), समिक भट्टाचार्य (बीजेपी) और पंकज शरण (राजनयिक) शामिल हैं।
प्रियंका चतुर्वेदी ने जताया था आभार
डेलिगेशन का हिस्सा बनने पर प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रतिक्रिया देते हुए 'एक्स' पर पोस्ट किया था,"ऑपरेशन सिंदूर का हिस्सा बनने और रविशंकर के नेतृत्व में पश्चिमी यूरोप की यात्रा पर जाने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल होकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। यह पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को समर्थन देने के खिलाफ हमारी एकजुट लड़ाई है।" उन्होंने अपने नेता उद्धव बालासाहेब ठाकरे का आभार जताया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू को भी धन्यवाद दिया था।
ये भी पढे़ं-
पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए भारत की वैश्विक मुहिम शुरू, आज रवाना होंगे ये डेलिगेशन