1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सोलापुर जेल का अजीबोगरीब मामला, बाहर निकल अचानक सड़क खोदने लगे कैदी- VIDEO

सोलापुर जेल का अजीबोगरीब मामला, बाहर निकल अचानक सड़क खोदने लगे कैदी- VIDEO

 Reported By: Dinesh Mourya, Edited By: Malaika Imam
 Published : Apr 09, 2025 04:47 pm IST,  Updated : Apr 09, 2025 04:58 pm IST

सोलापुर जेल से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जेल से बाहर निकले कैदी अचानक सड़क खोदने लगे। बताया जा रहा है कि कैदी जेल में पानी के कनेक्शन के लिए सड़क खोदने में जुटे थे।

सड़क खोदते कैदी- India TV Hindi
सड़क खोदते कैदी

महाराष्ट्र के सोलापुर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जेल से बाहर निकले कैदी पानी के कनेक्शन के लिए सड़क खोदने लगे। पूरी सुरक्षा के बीच कैदी जेल के बाहर ही काफी समय तक सड़क खोद रहे थे, ताकि महानगरपालिका की मदद से पानी का एक और कनेक्शन जेल को मिल जाए। हालांकि, जो काम महानगरपालिका को करना चाहिए उसे जेल के अंडरट्रायल कैदियों से करवाया गया।  

महानगरपालिका का कहना था कि हमारे पास लोग नहीं हैं, आप गड्ढा खोदकर दीजिए, पानी का कनेक्शन हम कर देंगे। इसी के बाद पूरी सुरक्षा के बीच चार अंडरट्रायल कैदियों को जेल से बाहर निकाला गया। जेल के सामने ही जहां पानी का कनेक्शन है वहां गड्ढा खोदने का काम कैदी करने लगे, लेकिन जैसे ही स्थानीय मीडियाकर्मियों ने इस घटना की रिपोर्टिंग शुरु की तो आनन-फानन में कैदियों को वापस जेल में ले जाया गया।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, सोलापुर जिला जल आपूर्ति के गंभीर संकट से जूझ रहा है। इस संकट का असर सोलापुर जेल पर भी पड़ा है, जहां कैदियों की संख्या के अनुसार पानी की आपूर्ति पर्याप्त नहीं हो रही है। कैदियों को पानी की कमी के कारण काफी दिक्कतें हो रही हैं। इस समस्या को लेकर सोलापुर जेल प्रशासन ने महानगरपालिका को पत्र भी भेजा, जिसमें अतिरिक्त पानी का कनेक्शन देने का अनुरोध किया गया, लेकिन फिर भी पानी मुहैया नहीं कराया गया।

जेल प्रशासन का दावा है कि हमारे पत्र पर महानगरपालिका से कहा गया है कि हमारे पास कर्मचारी उपलब्ध नहीं है, इसलिए आप गड्ढा खोदकर दीजिए, हम पानी का कनेक्शन कर देंगे। हालांकि, महानगरपालिका ने जेल प्रशासन के इन दावों को गलत बताया है। इस घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या इन कैदियों को जेल से बाहर निकालने के लिए कोर्ट से इजाजत ली गई थी? अगर कैदी भाग जाते तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता?

ये भी पढ़ें-

इस राज्य के लिए मौसम विभाग की चेतावनी, आंधी-तूफान और बारिश के आसार

मुजफ्फरपुर में पुलिस को तीन किमी तक दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, रिवर्स गाड़ी भगाकर दारोगा ने बचाई जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।