1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. MVA में राज ठाकरे की एंट्री पर सुप्रिया सुले ने दिया बड़ा बयान, बोलीं- राष्ट्रहित में...

MVA में राज ठाकरे की एंट्री पर सुप्रिया सुले ने दिया बड़ा बयान, बोलीं- राष्ट्रहित में...

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 15, 2025 05:08 pm IST,  Updated : Oct 15, 2025 05:08 pm IST

राज ठाकरे के महा विकास आघाड़ी में शामिल होने की अटकलों के बीच सुप्रिया सुले ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ये बड़े राजनीतिक फैसले हैं।

सुप्रिया सुले- India TV Hindi
सुप्रिया सुले Image Source : PTI

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे के विपक्षी महा विकास आघाड़ी (MVA) में शामिल होने की तेज होती अटकलों के बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने बुधवार को एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में साथ आने में कुछ भी गलत नहीं है।

हालांकि, सुप्रिया सुले ने यह भी स्पष्ट किया कि मनसे को गठबंधन में शामिल करने पर अंतिम फैसला MVA के वरिष्ठ नेता मिलकर लेंगे।

"बैठक के बाद निर्णय की जानकारी देंगे"

पुणे में संवाददाताओं से बात करते हुए सुप्रिया सुले से पूछा गया कि क्या MVA को राज ठाकरे के रूप में एक नया सहयोगी मिल गया है। इसके जवाब में उन्होंने कहा, "राष्ट्रहित में साथ आने में कुछ भी गलत नहीं है।" उन्होंने आगे कहा, "राज ठाकरे को एमवीए में शामिल करने का फैसला वरिष्ठ नेता लेंगे। ये बड़े राजनीतिक फैसले हैं और ऐसे निर्णय कैमरों के सामने नहीं लिए जाते। ऐसी चर्चाएं बैठकों में होती हैं। हम बैठक के बाद निर्णय की जानकारी देंगे।"

MVA नेताओं संग राज ठाकरे की मुलाकात से बढ़ी हलचल

सुप्रिया सुले का यह बयान ऐसे समय में आया है जब मंगलवार को ही राज ठाकरे ने NCP-SP प्रमुख शरद पवार और शिवसेना-यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे सहित विपक्ष के शीर्ष नेताओं के साथ मिलकर महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस चोकालिंगम से मुलाकात की थी। इस बैठक में विपक्षी नेताओं ने मतदाता सूची सहित चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर चिंता जताई थी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलने के लिए राज ठाकरे की सक्रिय भागीदारी ने इस बात पर नए सिरे से चर्चा शुरू कर दी है कि क्या मनसे जल्द ही विपक्षी गठबंधन एमवीए का हिस्सा बन सकती है। राज ठाकरे और उनके चचेरे भाई उद्धव ठाकरे का एक मंच पर आना महाराष्ट्र की सियासत में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

बिहार में चिराग पासवान की पार्टी को कौन-कौन सी सीटें मिलेंगी? सामने आ गई लिस्ट

अंतरिक्ष छोड़िए, भारत अब चांद पर भेजेगा इंसान; ISRO चीफ ने बता दी पूरी टाइमलाइन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।