1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सुप्रिया सुले ने रक्षा बंधन पर भाई अजीत पवार को किया याद, सोशल मीडिया पर लिखा भावुक मैसेज

सुप्रिया सुले ने रक्षा बंधन पर भाई अजीत पवार को किया याद, सोशल मीडिया पर लिखा भावुक मैसेज

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Aug 28, 2026 12:19 pm IST,  Updated : Aug 28, 2026 12:36 pm IST

सांसद सुप्रिया सुले ने रक्षाबंधन के मौके पर महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम और अपने चचेरे भाई, स्वर्गीय अजीत पवार को याद किया। X पर एक भावुक पोस्ट में सुप्रिया सुले ने बचपन से अजीत पवार के साथ अपने रिश्ते को याद किया।

अजीत पवार को राखी बांधते सुप्रिया सुले। फाइल फोटो- India TV Hindi
अजीत पवार को राखी बांधते सुप्रिया सुले। फाइल फोटो Image Source : X@SUPRIYA_SULE

मुंबई: एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को रक्षाबंधन के मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री और अपने चचेरे भाई, दिवंगत अजीत पवार को याद किया। एक्स हैंडल पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए सुप्रिया सुले ने बचपन से उनके बीच के रिश्ते को याद किया। उनके निधन पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी कमी से पैदा हुई खाली जगह कभी नहीं भरी जा सकती। 

सुप्रिया सुले ने एक्स पर लिखा, "प्रिय दादा, आज रक्षाबंधन है... लेकिन इस बार आप हमारे साथ नहीं हैं और यह एहसास मेरे दिल को अंदर तक बेचैन कर रहा है। आज से सात महीने पहले की वह भयावह सुबह और आपका यूं अचानक हमें छोड़कर चले जाना... आज भी मैं इस सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पा रही हूं। बचपन से साथ-साथ बड़े होना, हमारी छोटी-छोटी नोकझोंक, एक-दूसरे के लिए हमारे दिल में बेशुमार प्यार और एक-दूसरे पर हमें जो गर्व था। यही सब हमारे रिश्ते की नींव थे। आज भी ऐसा लगता है कि आप अचानक कहीं से आ जाएंगे, मुझे अपने हाथों से राखी बांधने देंगे। अपनी बहनों के साथ बैठकर बातें करेंगे, हंसेंगे और फिर से हमारे परिवार का हिस्सा बनकर उसी तरह हमारे बीच घुल-मिल जाएंगे। आपके जाने से हमारे जीवन में जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे कभी भरा नहीं जा सकता। आप जहां भी हैं, आपका प्यार और आपका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ बना रहे... हमेशा के लिए"।

अजीत पवार का जनवरी में हुआ था निधन

बता दें कि अजीत पवार का निधन 28 जनवरी की सुबह हुआ था, जब पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे पर उतरने की कोशिश के दौरान उनका विमान (VT-SSK) दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में अजीत पवार, उनके पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर, एक फ्लाइट अटेंडेंट और दो पायलट शामिल थे। वह जिला पंचायत चुनाव के प्रचार के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे।

अजीत पवार महाराष्ट्र के सबसे लंबे समय तक उपमुख्यमंत्री रहने वाले नेता थे और राज्य के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक थे। उन्होंने अलग-अलग सरकारों में छह बार इस पद पर काम किया। उन्होंने पृथ्वीराज चव्हाण, देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे की कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री के तौर पर काम किया था। इससे पहले जुलाई में भी अजित पवार को याद कर सुप्रिया सुले भावुक हो गई थीं। उन्होंने कहा था कि मेरा भाई अब हमारे बीच नहीं है।  

ये भी पढ़ेंः महाराष्ट्र में ऑटो और टैक्सी चालकों को मिली बड़ी राहत, मराठी सीखने के लिए सरकार ने दी 1 साल की मोहलत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।