1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. तारापुर में ओलियम का रिसाव: भगेरिया केमिकल्स में गैस लीक, 1.5 किमी क्षेत्र में मची भगदड़, डरावने वीडियो आए सामने

तारापुर में ओलियम का रिसाव: भगेरिया केमिकल्स में गैस लीक, 1.5 किमी क्षेत्र में मची भगदड़, डरावने वीडियो आए सामने

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 02, 2026 04:10 pm IST,  Updated : Mar 02, 2026 04:10 pm IST

वीडियो में देखा जा सकता है कि फैक्ट्री के कर्मचारी और आम लोग हाथ में रुमाल रखकर भाग रहे हैं। एक वीडियो में कुछ महिलाएं सड़क पर एक महिला की मदद करते हुए भी देखी जा सकती हैं।

tarapur Gas leak- India TV Hindi
तारापुर गैस लीक Image Source : REPORTER INPUT

तारापुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित भगेरिया केमिकल्स में ओलियम गैस के रिसाव से आसपास के कामगारों और नागरिकों को गैस का असर महसूस होने लगा है। ओलियम के हवा के संपर्क में आने से सल्फर डाइऑक्साइड और अन्य सल्फर ऑक्साइड का निर्माण हुआ, जिसका प्रभाव पूरे परिसर में फैलने लगा है। एमआईडीसी के डी जोन में स्थित भगेरिया केमिकल्स, जहां ओलियम का बड़ा भंडार है, वहां दोपहर लगभग 2 से 2:15 बजे के बीच रिसाव शुरू हुआ। हवा की दिशा पश्चिम से पूर्व होने के कारण सल्फर डाइऑक्साइड और अन्य सल्फर ऑक्साइड्स का प्रसार हुआ, जिससे आसपास के कामगार और नागरिक प्रभावित हुए हैं।

सल्फर डाइऑक्साइड के कारण आंखों में जलन, आंखें लाल होना, गले में सूखापन और खराश जैसी समस्याएं हो सकती हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गैस का प्रभाव लगभग एक से डेढ़ किलोमीटर के दायरे में फैल गया है। घटनास्थल के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें लोगों को सड़कों पर भागते हुए देखा जा सकता है। एक वीडियो में कुछ महिलाएं सड़क पर गिरी हुई नजर आ रही हैं।

कंपनी के पास गुजरने वाली सड़क बंद

इस घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने आपातकालीन नियंत्रण कक्ष, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को सतर्क कर दिया। प्रदूषण नियंत्रण मंडल के उप-क्षेत्रीय अधिकारी राजू वसावे मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस बल की बड़ी तैनाती कंपनी परिसर में की गई है और कंपनी के पास से गुजरने वाला मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल के अग्निशमन दल की गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और ओलियम रिसाव को रोकने के प्रयास जारी हैं। कुछ महीनों पहले एमआईडीसी के शिवाजीनगर क्षेत्र में भी सल्फ्यूरिक एसिड और ओलियम का टैंक से रिसाव हुआ था, जिससे वह क्षेत्र प्रभावित हुआ था।

एक टन ओलियम रिसाव की आशंका

औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संचालनालय के अधिकारियों ने पुलिस को प्राथमिक अनुमान दिया है कि कंपनी में लगभग एक टन ओलियम का रिसाव हुआ हो सकता है। हवा की दिशा के कारण कैम्लीन नाका से टाकी नाका के बीच का औद्योगिक और आवासीय क्षेत्र काफी प्रभावित हुआ है। गैस रिसाव के चलते कामगारों में अफरा-तफरी का माहौल है और पूरे बोईसर क्षेत्र में सफेद धुंध जैसा वातावरण बन गया है। टाकी नाका के पास स्थित तारापुर विद्या मंदिर स्कूल के छात्रों को घर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के आदेश जारी किए गए हैं।

किसी पर गंभीर असर की खबर नहीं

पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उनका कहना है कि आवश्यकता अनुसार आगे के निर्णय लिए जाएंगे। पुलिस की ओर से कहा गया है कि फिलहाल इस गैस रिसाव में किसी के गंभीर रूप से प्रभावित होने की सूचना नहीं है।

(तारापुर से हानिफ की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

नागपुर की फैक्ट्री में हुआ बड़ा विस्फोट, कुल 17 लोगों की मौत

VIDEO: जिस विमान में अजित पवार की मौत हुई, उसके मालिक एक फ्लाइट की मुख्य पायलट की सीट पर सोते दिखे; हड़कंप

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।