महाराष्ट्र: उल्हासनगर के सेक्शन- 4 में एक बुजुर्ग व्यक्ति की पिटाई से मौत हो गई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। 15 जुलाई की रात में राजेश कुकरेजा नाम के शख्स की कुछ लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। इसकी जानकारी बुजर्ग शख्स ने फोन कर अपने बेटे को दी कि उसकी कुछ लोगों ने पिटाई कर दी है, जिसके कारण उसे काफी दर्द हो रहा है।
Related Stories
घटनास्थल पर कीचड़ से लथपथ मिला शख्स
इसके तुरंत बाद कुकरेजा का बेटा तरुण कुकरेजा घटनास्थल पर पहुंचा, जहां उसके पिता राजेश कीचड़ से लथपथ थे, उन्हें सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, हालत ज्यादा खराब होने के कारण उन्हें केईएम अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विट्ठलवाड़ी पुलिस ने इस संबंध में बाला उर्फ समीर गायकवाड़, गौरव गोडिया, मनीष बिहारी दूसेजा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
तीनों आरोपियों और मृतक के बीच हुई बहस
बताया जा रहा है कि धक्का लगने की वजह से पहले तो तीनों आरोपियों और मृतक के बीच बहस हुई। उसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई कर दी। बता दें कि उल्हासनगर शहर में इन दिनों अपराध का ग्राफ ऊंचाइयां छू रहा है। शहर में नशेड़ियों व अपराधियों का बोलबाला है, जिसके कारण जहां आम नागरिक परेशान हैं, तो वहीं पुलिस भी इनसे त्रस्त है।
- उल्हासनगर से सुनील शर्मा की रिपोर्ट