1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ठाणे की सियासी लड़ाई में अंडरवर्ल्ड की एंट्री? मनपा अधिकारी पर जितेंद्र आव्हाड के परिवार की सुपारी देने का आरोप

ठाणे की सियासी लड़ाई में अंडरवर्ल्ड की एंट्री? मनपा अधिकारी पर जितेंद्र आव्हाड के परिवार की सुपारी देने का आरोप

 Reported By: Atul Singh @atuljmd123
 Published : Feb 16, 2023 07:41 pm IST,  Updated : Feb 16, 2023 08:00 pm IST

नौपाड़ा पुलिस ने मामले में हत्या की कोशिश और जान से मारने की धमकी का FIR दर्ज कर मौके पर मौजूद 4 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है और अब जितेंद्र आव्हाड पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।

Jitendra Awhad News, Mahesh Aher, Jitendra Awhad Mahsh Aher, Maharashtra News- India TV Hindi
NCP नेता जितेंद्र आव्हाड और ठाणे महानगर पालिका के सहायक आयुक्त महेश आहेर। Image Source : FILE

मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ एक और FIR दर्ज हो गई है। इस बार मामला ठाणे महानगर पालिका के सहायक आयुक्त की पिटाई का है। अधिकारी की यह पिटाई काम नहीं करने को लेकर नहीं बल्कि एक कथित ऑडियो वायरल होने को लेकर हुई जिसमें वह आव्हाड और उनके परिवार की सुपारी देने का दावा कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या ठाणे राजनीति खूनी संघर्ष की तरफ बढ़ रही है? जितेंद्र आव्हाड की पत्नी ने तो सीधे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर ही निशाना साध दिया।

ठाणे मनपा दफ्तर के सामने हुई आहेर की पिटाई

ठाणे मनपा दफ्तर के पास उस समय हंगामा मच गया जब कुछ लोग एक शख्स की पिटाई करने लगे। पता चला कि पीटने वाले लोग एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड के समर्थक हैं और पिटने वाले शख्स मनपा के सहायक आयुक्त महेश आहेर हैं। आहेर को बचाने के लिए उनके साथ मौजूद पुलिस गार्ड को अपनी बंदूक निकालनी पड़ी। नौपाड़ा पुलिस ने मामले में हत्या की कोशिश और जान से मारने की धमकी का FIR दर्ज कर मौके पर मौजूद 4 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है और अब जितेंद्र आव्हाड पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।


आहेर पर अपराधियों से सांठगांठ, भ्रष्टाचार के आरोप
दूसरी तरफ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने फोन पर बातचीत के एक वायरल ऑडियो के आधार पर आरोप लगाया है कि सयाहक मनपा आयुक्त ने जितेंद्र आव्हाड की बेटी और दामाद की सुपारी अंडरवर्ल्ड को दी है। कांग्रेस ने भी मनपा अधिकारी महेश आहेर पर अपराधियों से सांठगाठ और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। खुद जितेंद्र आव्हाड ने भी पुलिस को चिट्ठी लिखकर आहेर के खिलाफ आपराधिक सांठगांठ और भ्रष्टाचार के तहत FIR दर्ज करने की मांग की है।

फडणवीस ने आव्हाड को सुरक्षा का भरोसा दिलाया
इस बीच सुपारी का ऑडियो वायरल होने के बाद गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जितेंद्र आव्हाड को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है, और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कारवाई का दावा किया है। इस मामले में CM शिंदे पर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि कहा जा रहा है कि उन्होंने रात में जुपिटर अस्पताल जाकर आहेर से मुलाकात की है। ऐसे में इस मुद्दे पर भी राजनीतिक विवाद बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Jitendra Awhad, Ruta Awhad
Image Source : FILEरुता अव्हाड और जितेंद्र अव्हाड।

NCP के दबंग नेताओं में गिने जाते हैं आव्हाड
बता दें कि जितेंद्र आव्हाड ठाणे में NCP के दबंग नेता हैं और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। लेकिन जब से राज्य में सत्ता बदली है तब से अब तक आव्हाड के खिलाफ ये तीसरा मामला दर्ज हुआ है। खुद जितेंद्र आव्हाड मीडिया के सामने नहीं आए लेकिन उनकी पत्नी रुता आव्हाड ने सीधे मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सरकार की सुरक्षा की जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार डबल स्टैंडर्ड अपना रही है।

शिंदे सरकार पर जमकर बरसीं रुता आव्हाड
रुता आव्हाड ने कहा, ‘अगर सुरक्षा देने की बात कह रहे हैं तो हमारी FIR क्यों नहीं दर्ज कर रहे। वह क्यों मनपा के एक क्रिमिनल अधिकारी को संरक्षण दे रहे हैं। मुझे अपनी बेटी और दामाद के सुरक्षा की चिंता है क्योंकि जिस तरह से धमकी दी जा रही है, वह दिखा रहा है कि ठाणे की राजनीति में अंडरवर्ल्ड की भी एंट्री हो गई है। मनपा अधिकारी महेश अहेर से अगर सीएम शिंदे मिलने जाते हैं तो सीएम को हमसे भी मिलना चाहिए क्योंकि धमकी हमें और हमारे परिवार को मिली है।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।